कांग्रेस की समीक्षा बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा, 17 से 22 अगस्त तक होगी प्रखंडवार बैठक
दुमका। जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव सह दुमका जिला प्रभारी अशोक वर्मा मौजूद थे।बैठक में जिले में पिछले एक माह से चल रहे कांग्रेस के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही अगले 23 दिनों के कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रभारी श्री वर्मा ने बताया कि 17 अगस्त से 22 अगस्त तक जिले के सभी 10 प्रखंडों एवं दो नगर क्षेत्रों में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की जाएगी। इसके तहत प्रतिदिन दो प्रखंडों में अलग-अलग पालियों में बैठक होगी। निर्धारित कार्यक्रम के
अनुसार पहले दिन रानेश्वर एवं शिकारीपाड़ा, दूसरे दिन दुमका नगर एवं बासुकिनाथ, तीसरे दिन दुमका ग्रामीण एवं मसलिया, चौथे दिन जामा एवं रामगढ़, पांचवें दिन जरमुंडी एवं सरैयाहाट तथा छठे दिन गोपीकांदर एवं काठीकुंड प्रखंड में बैठक होगी। श्री वर्मा ने कहा कि राजनीतिक मामलों की कमेटी का गठन इसी माह कर लिया जाएगा। वहीं जिला कार्यसमिति की विस्तारित बैठक भी महीने के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि मंच एवं मोर्चा के जिला अध्यक्षों के नाम शीघ्र ही अनुमोदन के लिए संबंधित प्रदेश अध्यक्षों को भेजे जाएंगे।नउन्होंने कहा कि आज की बैठक का उद्देश्य जिला अध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना था। बैठक में फ्रंटियर मोर्चा के जिला प्रभारी मुकुंद दास, प्रदेश सचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी, जिला महासचिव अरविंद यादव, शहरोज शेख एवं आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुनील हेंब्रम आदि उपस्थित थे।
