दुमका। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दुमका इकाई ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं की अविलंब रिहाई की मांग की। अभाविप के नगर सह मंत्री विवेक धरे ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य
सरकार युवाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि यदि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो अभाविप आंदोलन को और तेज करेगा। इसके तहत विधानसभा घेराव सहित अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से 10 अगस्त को दुमका से रांची
पहुंचकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। पुतला दहन कार्यक्रम में परिषद के विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर सह मंत्री विवेक धरे, शिवम जायसवाल, कॉलेज अध्यक्ष अमन सेन, गौतम कुमार मोदी, विकास भगत, देव कुमार मंडल, सुमित, अमित, पंकज, आर्यन आदि शामिल थे। 
