दुमका। दुमका शहर के कन्वेंशन सेंटर में बुधवार से जादू और रोमांच से भरपूर जादूगर शंकर सम्राट का लाइव मैजिक शो शुरू होने जा रहा है। शो में दर्शकों को आधुनिक जादू के ऐसे हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेंगे, जिन्हें अब तक वे टीवी और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर देखते आए हैं। खास आकर्षण मंच पर डायनासोर का प्रकट होना होगा, जो खासकर बच्चों के लिए रोमांच और मनोरंजन का केंद्र रहेगा।मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटना निवासी इंटरनेशनल जादूगर शंकर सम्राट ने बताया कि जादू का खेल प्रतिदिन दो शो में आयोजित किया जाएगा। पहला शो शाम 4 बजे और दूसरा शो शाम 7 बजे शुरू होगा। बुधवार को शो का शुभारंभ विशेष रूप से शाम 6:30 बजे किया जाएगा। उन्होंने
बताया कि उनके लाइव मैजिक शो में दर्शकों को जादू के 36 बड़े आइटम देखने को मिलेंगे। इनमें कई आधुनिक और रोमांचक प्रस्तुतियां शामिल हैं, जो दर्शकों को आश्चर्यचकित करने के साथ उनका मनोरंजन भी करेंगी। जादूगर शंकर सम्राट ने कहा कि जादू महज मनोरंजन नहीं, बल्कि विज्ञान और योग पर आधारित एक कला है। वे अपने जादुई कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में व्याप्त विभिन्न प्रकार के अंधविश्वासों को दूर करने का भी प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को जादू के पीछे छिपे वैज्ञानिक पहलुओं को समझाना उनके कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने लोगों, खासकर बच्चों और परिवारों से लाइव शो देखने की अपील करते हुए कहा कि मंच पर जादू के जिन रोमांचक प्रयोगों को दर्शक देखेंगे, उनका अनुभव टीवी या मोबाइल स्क्रीन से बिल्कुल अलग होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जादूगर शंकर सम्राट के साथ पिंटू पांडेय भी उपस्थित थे। इस अवसर पर जादूगर शंकर सम्राट ने पत्रकारों के बीच कई जादुई खेलों का प्रदर्शन भी किया। एक खेल में उन्होंने पत्रकार के द्वारा मन में सोचे हुए नम्बर को बता दिया।
