दुमका। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को रोटी बैंक दुमका के तत्वावधान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा से पूरा दुमका शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे और कदमों में गजब का उत्साह। यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं, युवाओं और शहरवासियों ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रोटी बैंक दुमका के संस्थापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त एनएसएस स्वयंसेवक जतिन कुमार के नेतृत्व
में यात्रा का शुभारंभ बड़ा बांध, रसिकपुर से हुआ। यात्रा में सबसे आकर्षण का केंद्र करीब 500 मीटर लम्बा विशाल तिरंगा रहा। छात्र-युवा इस तिरंगे को थामे कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे। इसके साथ ही यात्रा में शामिल लगभग हर व्यक्ति के हाथ में तिरंगा था। सड़कों पर एक साथ
लहराते सैकड़ों तिरंगों का दृश्य देखते ही बन रहा था। यात्रा में छात्र-छात्राओं के अलावा एनसीसी कैडेट, युवा, शिक्षक, सामाजिक संगठनों के सदस्य, व्यवसायी और आम नागरिक शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से शहर की सड़कें गूंजती रहीं। राहगीर भी जगह-जगह रुककर इस दृश्य को देखते नजर आए।
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कर्पूरी ठाकुर चौक पर सिविल सोसाइटी, दुमका की ओर से कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वीर कुंवर सिंह चौक पर बाबू वीर कुंवर सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। यात्रा के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। ग्रीन माउंट स्कूल के शिक्षकों एवं बाल भारती के बच्चों ने यात्रा का स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद चौक पर चिकित्सकों ने माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया और छात्र-छात्राओं ने भी स्वागत किया।
यात्रा के अंतिम चरण में बड़ा बांध स्थित सिदो कान्हु चौक पहुंचकर अमर शहीद वीर सिदो कान्हु के संघर्ष और बलिदान को याद किया गया।
जगह-जगह पुष्पवर्षा, शरबत और पानी से स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। अन्नपूर्णा चौक पर वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल एवं पीएम श्री बेसिक स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्वागत किया। कुम्हार पाड़ा चौक पर वार्ड पार्षद निशा परवीन ने यात्रा का स्वागत किया। यहां अल्पसंख्यक समाज की ओर से यात्रियों के लिए शरबत एवं पानी की व्यवस्था की गई। टीन बाजार में पतंजलि की ओर से स्वागत किया गया। मारवाड़ी चौक पर मारवाड़ी उच्च विद्यालय ने यात्रा का अभिनंदन किया। वीर कुंवर सिंह चौक पर सिदो कान्हु स्कूल एवं बाल भारती स्कूल के सदस्यों ने स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। सिदो कान्हु चौक पर यात्रा के समापन के अवसर पर राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना तथा युवाओं में राष्ट्र के प्रति प्रेम जगाना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना इस आयोजन का उद्देश्य है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल, ब्रिगेडियर दीपक गौड़, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप हजारीबाग और कर्नल अनिल यादव, कमान अधिकारी शामिल हुए। इनके अलावा रिंकू बख्शीश, डॉ.अंकित सिंह, डॉ.श्वेता स्वराज, एनसीसी की फर्स्ट ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह, सुमित पटवारी, डॉ.मनीष भारती, समाजसेवी राजेश कुमार सिंह और मनीषा राज वर्मा सहित राजेंद्र प्रसाद साह, डॉ.विनय सिंह और डॉ.रूपम कुमारी सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही। आयोजन को सफल बनाने में राजेश, बिनोद, एस.पी., सुनील, आशीष, अमन,
नवीन चंद ठाकुर, राजेश कुमार, राजेश चौरसिया, अमिता कुमारी घोष, बुलंदर यादव, पूनम भगत, विकास ठाकुर, अतुल कुमार, नियम घोष, सुमन कुमार झा, जितेंद्र झा, मुन्ना सिंह और सुमित ने अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुमका में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और युवा शक्ति की जीवंत तस्वीर बन गई। हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए निकली इस यात्रा ने शहरवासियों के बीच राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा भर दी।
