दुमका। वीणा मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट लीग ए डिविजन 2025-26 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में रविवार को जूनियर कैंप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द जूनियर्स को 75 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जूनियर कैंप की टीम ने 32.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 241 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।टीम की ओर से अंकुश राउत ने शानदार 58 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं द जूनियर्स की ओर से आयुष
कुमार सिंह और अमन कुमार ठाकुर ने 3-3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द जूनियर्स की पूरी टीम 166 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से हर्ष कुमार सिन्हा ने 52 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जूनियर कैंप की ओर से संजय सुरीन, अंकित राउत एवं सुमित कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए जूनियर कैंप के अंकित कुमार राउत को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। उन्हें जिला क्रिकेट संघ, दुमका के सचिव डॉ.शावर्ण मनोज कुणाल ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लीग का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 17 मार्च को सोल क्रिकेट एकेडमी और एल.ए.जे “ए” के बीच खेला जाएगा। मैच में निर्णायक की भूमिका चंदन और सुमित ने निभाई, जबकि स्कोरर का कार्य राहुल द्वारा संपन्न किया गया।
डीपीएल सीजन 2 के लिए आज तक 24 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
दुमका प्रीमियर लीग (डीपीएल सीजन 2) के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन जारी है। अब तक कुल 24 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन करा लिया है। जिला क्रिकेट संघ, दुमका के सचिव डॉ.शावर्ण मनोज कुणाल ने बताया कि डीपीएल सीजन-2 को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजीयन की प्रक्रिया 19 मार्च तक जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय में जारी रहेगी।