दुमका। दुमका प्रीमियर लीग सीजन 2 को लेकर 08 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें टूर्नामेंट की तैयारियों और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पिछले 2-3 दिनों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लीग के उद्घाटन की तिथि 11 अप्रैल से बढ़ाकर अब 15 अप्रैल कर दी गई। इसके साथ ही 11 अप्रैल को संध्या 7 बजे स्थानीय ए टीम क्रिकेट ग्राउंड में टूर्नामेंट की ट्रॉफी एवं भाग लेने वाली टीमों के जर्सी का भव्य अनावरण (इनोग्रेशन) कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार सभी 6 टीमें राउंड रोबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष दो
टीमों के बीच पहला क्वालीफायर मैच खेला जाएगा, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। एलिमिनेटर की विजेता टीम और पहले क्वालीफायर की हारने वाली टीम के बीच दूसरा क्वालीफायर खेला जाएगा। इसके बाद टूर्नामेंट का भव्य फाइनल आयोजित किया जाएगा। बैठक में आयोजन के प्रायोजक डॉ.तुषार ज्योति, जिला क्रिकेट संघ के सचिव कुणाल झा, टीमों के ऑनर्स महेश राम चंद्रवंशी, विश्वजीत साहा, चन्द्रकिशोर सिंह, प्रियेश सिंह, राहुल सिंह झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवा बास्की भी उपस्थित थे।
