मॉडल कॉलेज राजमहल में चला “नशा मुक्त भारत अभियान”, पेंटिंग प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण के माध्यम से छात्रों को किया गया जागरूक
साहिबगंज। राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में मॉडल कॉलेज राजमहल में गुरुवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ.रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नशा सेवन करने वाले लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना था। इस अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। छात्रा प्रतिभा रक्षित, मीठी कुमारी, मंपी कुमारी एवं खातून ने अपनी उत्कृष्ट पेंटिंग के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित
किया। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए प्राचार्य द्वारा उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामा भारती ने प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने की सलाह दी। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ.सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युवा सस्ते एवं नए प्रकार के नशों की गिरफ्त में आकर अपने तन, मन और धन की हानि कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नशे को ना कहें और खेल को हाँ कहें।” कार्यक्रम के अंत में छात्रा विद्या अवस्थी ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.रमजान अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.अमित कुमार ने किया।