राजमहल/साहिबगंज। मॉडल कॉलेज राजमहल, साहिबगंज में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्राचार्य डॉ.रणजीत कुमार सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षक प्रबीर कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाता है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.सिंह ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि मन को एकाग्र और संतुलित करने की जीवन पद्धति भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी
डॉ.रमजान अली एवं डॉ.अमित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थी। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
