साहिबगंज। साहिबगंज कॉलेज के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान के छात्र रितेश रंजन ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड में रील निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, झारखंड द्वारा आयोजित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम में रितेश रंजन ने रील निर्माण प्रतियोगिता में भाग लिया और राज्य भर में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसके लिए उन्हें प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न के साथ 10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। रांची विश्वविद्यालय, रांची में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रितेश को यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र में उल्लेख है कि उन्होंने “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम के तहत आयोजित रील निर्माण प्रतियोगिता
में भाग लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रितेश की इस सफलता से कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों एवं सहपाठियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि रितेश ने अपनी रचनात्मक सोच और सामाजिक संदेश के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के अभियान से जुड़ने की प्रेरणा दी है। रितेश की यह उपलब्धि साहिबगंज जिले के लिए भी गौरव का विषय है। रितेश की इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ.रणजीत कुमार सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रितेश ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के बल पर कॉलेज एवं जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
