दुमका। झारखंड चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ, दुमका के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिले के नवनियुक्त सिविल सर्जन डॉ.सुशांतो कुमार मांझी का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ.मांझी के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी पहल होगी। आम जनता को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं और हितों का भी समुचित ध्यान रखा जाएगा।इस दौरान संघ ने सिविल सर्जन को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विभागीय कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सिविल सर्जन का स्वागत एवं सम्मान करने वाले शिष्टमंडल में संघ के अध्यक्ष तपन कुमार ठाकुर, जिला मंत्री कैलाश प्रसाद साह, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी सच्चिदानंद सोरेन, जामा प्रखंड मंत्री मन मोहन कुमार एवं जामा प्रखंड अध्यक्ष अजीतेश राय शामिल थे।
