हल्द्वानी में मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर दुमका में कांग्रेस ने गांधी प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह कर जताया विरोध
दुमका। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को दुमका में सत्याग्रह कर विरोध जताया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर दुमका जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी के नेतृत्व में गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा परिसर में यह सत्याग्रह आयोजित किया गया। गांधी प्रतिमा के समक्ष जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की घटना को सामाजिक भेदभाव और विभाजनकारी मानसिकता का प्रतीक बताते हुए विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जीवनभर छुआछूत, भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष किया। ऐसे में गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह के जरिए सामाजिक समानता और सद्भाव का संदेश देना भी इस विरोध का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सद्भाव, समानता, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हल्द्वानी की घटना को बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव की मानसिकता लोकतांत्रिक समाज के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज में भेदभाव और विभाजन पैदा करने वाली मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि गांधी के विचार आज भी सामाजिक एकता और समानता की राह दिखाते हैं। इसलिए बापू की प्रतिमा के समक्ष आयोजित सत्याग्रह के माध्यम से कांग्रेस ने सामाजिक सद्भाव और बराबरी के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सत्याग्रह में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की सचिव अरबी खातून, महेश राम चंद्रवंशी, संजीत सिंह, स्वास्थ्य विभाग के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार साह, जिला उपाध्यक्ष तोबियस मुर्मू, महासचिव अरविंद कुमार, शहरोज शेख, दुमका नगर अध्यक्ष टिंकू अली इमाम, दुमका प्रखंड अध्यक्ष सुनील किस्कू, विवेक कुमार, दशरत मंडल, अमित कुमार शर्मा, मसीह टुडू, रूपेश सिंह, मो.असगर, मो.हारून आदि शामिल थे। #####
दुमका सहित पूरे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं!
(शुभकामना देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक कीजिए।)
दुमका सहित पूरे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं!