दुमका। दुमका लोकभवन में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और युवा जागरूकता को समर्पित ‘तिरंगा यात्रा’ पुस्तक का विमोचन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। पुस्तक में तिरंगा यात्रा की परिकल्पना, उद्देश्य, विभिन्न पड़ावों और यात्रा में युवाओं की भागीदारी को विस्तार से सामने रखा गया है। साथ ही सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों के सहयोग तथा राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में यात्रा की भूमिका को भी रेखांकित किया गया है। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त एनएसएस स्वयंसेवक रोटी बैंक के संस्थापक जतिन कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। पुस्तक विमोचन के दौरान तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और युवाओं के योगदान की
सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि पुस्तक तिरंगा यात्रा की सोच, उद्देश्य और सामाजिक प्रभाव को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। राज्यपाल के हाथों पुस्तक का विमोचन किए जाने को आयोजकों ने तिरंगा यात्रा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। समारोह में राष्ट्रहित और सामाजिक एकता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीता सोरेन, समाजसेवी मनीषा राज वर्मा, डॉ.अंकित सिंह, डॉ.श्वेता स्वराज, बुलंदर यादव, डब्ल्यू यादव आदि उपस्थित थे।
#####
दुमका सहित पूरे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं!
दुमका सहित पूरे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं!
