दुमका। जिला क्रिकेट संघ, दुमका ने आगामी क्रिकेट सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बावत रविवार को संघ कार्यालय में अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में खिलाड़ियों, क्लबों, स्कूलों के पंजीयन के साथ-साथ संघ की आजीवन सदस्यता और वार्षिक आम बैठक (ए.जी.एम.) को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन 15 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। व्यक्तिगत खिलाड़ी पंजीयन के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं क्लब/टीम के पंजीयन के लिए 11 हजार रुपये शुल्क रखा गया है। इस शुल्क में क्लब अथवा टीम के 14 खिलाड़ियों का पंजीयन शामिल रहेगा। स्कूलों के लिए पंजीयन शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है। पंजीयन से संबंधित जानकारी के लिए जिला क्रिकेट संघ के सचिव कुणाल झा से संपर्क किया जा सकता है।
21 हजार रुपये में आजीवन सदस्यता
संघ को और मजबूत बनाने की दिशा में भी बैठक में निर्णय लिया गया। 25 सितंबर 2026 तक जिला क्रिकेट संघ की आजीवन सदस्यता की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। आजीवन सदस्यता शुल्क 21 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। संघ के निर्वाचित सदस्यों को दो-दो तथा नामित सदस्यों को एक-एक आजीवन सदस्य बनाने के लिए प्रस्तावक बनने का अधिकार दिया गया है।
27 सितंबर को होगी संघ की वार्षिक आम बैठक
जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम बैठक (ए.जी.एम.) 27 सितंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में आगामी सत्र की गतिविधियों, खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं का अवसर देने तथा संघ और क्रिकेट मैदान को मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। संघ के सचिव कुणाल झा ने कहा कि आगामी सत्र में खिलाड़ियों को अधिक से अधिक आयोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिला क्रिकेट संघ को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुमका में क्रिकेट को और बेहतर मंच देने तथा आने वाले समय में क्रिकेट के माध्यम से दुमकावासियों को बेहतर खेल मनोरंजन उपलब्ध कराने की दिशा में संघ लगातार प्रयास करेगा। बैठक में संघ के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह, सचिव कुणाल झा, संयुक्त सचिव विश्वजीत चटर्जी, सहायक सचिव दिवाकर शर्मा, कोषाध्यक्ष ललित पाठक, कार्यकारिणी सदस्य संजीब कुमार सिंह, चंदन गोराई, आनंद कश्यप मोंटी, सूरज पाठक, पीटर टुडू एवं सीतेश साहा उपस्थित थे। #####
