दुमका। हर वर्ष की तरह इस बार भी शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुमका शहर के शिवपहाड़ में दुर्गा पूजा पूरे धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। पूजा की तैयारियों को लेकर रविवार को श्री श्री 108 शिवपहाड़ दुर्गा पूजा समिति की बैठक शिवपहाड़ दुर्गा मंदिर परिसर में हुई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान समिति के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया तथा अलग-अलग पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष दुर्गा पूजा आयोजन के लिए 5 लाख 85 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया। पूजा को भव्य और आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा हुई। समिति के चुनाव में अमरेंद्र सिंह मुन्ना को अध्यक्ष चुना गया। वहीं रवि यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जलेंद्र सिंह उर्फ जल्लो सिंह एवं अमित रक्षित को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। मृणाल मिश्रा एवं रूपम किशोर सिंह को सचिव तथा संजीत गुप्ता, संजीव भगत एवं गुड्डू साह को उपसचिव चुना गया। मनोज सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा रणजीत सिंह, प्रदीप पाठक, सुनील यादव एवं उदय पाठक को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। अनूप सिंह, श्यामल किशोर सिंह, जगन्नाथ पाठक, मनोज अम्बष्ट एवं गौतम भगत को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान भव्य विद्युत सजावट मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। शिवपहाड़ चौक से लेकर शिवपहाड़ मंदिर तक आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। पूरे मार्ग को रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे नवरात्र के दौरान शिवपहाड़ का नजारा आकर्षक दिखाई देगा। समिति के अनुसार, पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने की तैयारी की जा रही है। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष दुर्गा पूजा भव्यता के साथ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा अधिक से अधिक श्रद्धालु शिवपहाड़ पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें। ##### webakhbar.com
