Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
रांची में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होंगे दुमका के डॉ.सपन कुमार बकरी पालन निवेश योजना में करोड़ों की ठगी का आरोप, एसकेएमयू की असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत पर एफआईआर... नोनीहाट निवासी राहुल नंदी बने मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक फेसबुक पोस्ट ने मचाई धूम, एलआईसी अभिकर्ता राजेश सिन्हा का अंदाज देख मुस्कुराए लोग जन्माष्टमी पर ग्रीन माउंट एकेडमी में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, राधा-कृष्ण से लेकर डॉक्टर-पुलिस के रूप... मां की पुण्यतिथि पर रक्तदान कर डॉ.मनोज कुमार घोष ने पेश की सेवा और संवेदना की मिसाल पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए एसकेएमयू में चयन शिविर, 22 स्वयंसेवकों का हुआ चयन श्रीकृष्णाष्टमी पर भक्तिमय होगा दुमका, मंदिरों में गूंजेगा ‘हरे कृष्ण’ का जयघोष नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया ग्रीन माउंट एकेडमी, निकाली सहायता रैली झामुमो नेता राजेश कुमार सिंह ने उठाई नोनीहाट बासुकीनाथ मोड़ को ‘नाग वासुकी चौक’ बनाने की मांग

अनूठी पहल : बच्चों को संस्कार और सकारात्मक सोच से जोड़ रहा ब्रह्माकुमारीज का समर कैंप

0 241

दुमका। आधुनिकता और भागदौड़ भरे जीवन के बीच बच्चों को संस्कार, आध्यात्म और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने की दिशा में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। स्थानीय नगरपालिका चौक स्थित “ओम शांति भवन” में सोमवार से सात दिवसीय “समर कैंप 2026” का भव्य शुभारंभ उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ। यह समर कैंप 25 मई से 31 मई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ध्यान, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग के साथ हुआ। पूरे परिसर में बच्चों की खिलखिलाहट, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण ने सभी को आकर्षित किया। इस अवसर पर दुमका के वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन, एनसीसी की फर्स्ट ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह, भोजपुरी अभिनेत्री अंजली झा, नन्हे कदम प्ले स्कूल की प्रिंसिपल अर्चना बहन, समाजसेवी बंटी अग्रवाल, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके जयमाला तथा ब्रह्माकुमारी रेखा बहन विशेष रूप से उपस्थित थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके जयमाला दीदी ने कहा कि आज बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती लत के कारण बच्चे मानसिक तनाव और अकेलेपन की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में ब्रह्माकुमारीज का यह समर कैंप बच्चों को ध्यान, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों के माध्यम से बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि यह शिविर बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मकता और सकारात्मक शक्तियों को जागृत करने का माध्यम बनेगा। वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए बच्चों में नैतिक शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था वर्षों से समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश देने का कार्य कर रही है तथा इस प्रकार के समर कैंप बच्चों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।भोजपुरी अभिनेत्री अंजली झा ने बच्चों का उत्साह देखकर कहा कि बच्चों के चेहरे की मुस्कान ही इस बात का प्रमाण है कि ऐसे आयोजन उनके व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं। वहीं एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह ने अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। समर कैंप के दौरान बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि 31 मई तक प्रतिदिन चलने वाले इस शिविर में बच्चों को ध्यान, नैतिक शिक्षा, योग, खेल, कला एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी कई गतिविधियों के माध्यम से मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.