Local & National News in Hindi

एसकेएमयू के 10वें दीक्षांत समारोह में 38 स्वर्ण पदक और 15 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, राज्यपाल ने विद्यार्थियों से किया समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान

0 138

दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) का 10वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को दुमका के कन्वेंशन सेंटर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में कुलाधिपति सह राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की उपस्थिति में 38 स्वर्ण पदक, 15 शोधार्थियों को पीएचडी तथा लगभग 4,995 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। मुख्य सभागार में उपस्थित नहीं हो सके विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालयों एवं संस्थानों में औपचारिक समारोह आयोजित कर उपाधि देने का निर्णय लिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लें, जिसे सामाजिक या आर्थिक कारणों से पढ़ने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज के विकास में योगदान देना भी है। उपाधि जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है।

राज्यपाल ने संताल हूल के अमर नायकों सिदो-कान्हु, चांद-भैरव और फूलो-झानो के संघर्ष, साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि संताल परगना की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, भाषाओं, परंपराओं और लोकज्ञान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना जरूरी है।

उन्होंने ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर, कारीगरों और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर पैदा करने की क्षमता विकसित करने की अपील की। साथ ही कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसे स्थानीय जरूरतों से जुड़े विषयों पर शोध को प्रोत्साहित करने की बात कही।

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने नियमित कक्षाओं, समय पर परीक्षाओं और निर्धारित समय-सीमा में परिणाम प्रकाशित करने को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की नीतियों और निर्णयों के केंद्र में छात्रहित होना चाहिए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में 183 नए पीएचडी शोधार्थियों के नामांकन, शैक्षणिक सत्रों के नियमितीकरण तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयासों की भी जानकारी दी गई। मेधावी विद्यार्थियों, लैंगिक समानता और शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक स्नातकोत्तर विभाग से एक छात्र और एक छात्रा को प्रतिवर्ष ‘सिदो कान्हु हूल स्मारक छात्रवृत्ति’ देने की घोषणा भी की गई।

इससे पहले समारोह का शुभारंभ पारंपरिक लोटा-पानी से अतिथियों के स्वागत के बाद पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। कुलपति डॉ.कुनूल कांदिर सहित कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक और विभिन्न संकायों के डीन ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सभी डिग्रीधारक एवं शोभायात्रा में शामिल सदस्य पारंपरिक कुर्ता-पायजामा, पगड़ी और संकाय के अनुसार पट्टा धारण किए हुए थे।

समारोह में जामा विधायक डॉ.लुईस मरांडी, जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार, उप विकास आयुक्त राजीव सचान, डीटीओ मृत्युंजय कुमार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

##### webakhbar.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.

ब्रेकिंग
टूटने की कगार पर प्राकृतिक जीव-शृंखला मसानजोर डैम पहुंचकर एमजी कॉलेज के भूगोल के विद्यार्थियों ने किया फील्ड वर्क, बहुउद्देश्यीय परियोजना ... एसकेएमयू के 10वें दीक्षांत समारोह में 38 स्वर्ण पदक और 15 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, राज्यपाल न... ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे के साथ दुमका में गरजे बाबूलाल मरांडी, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ ... दुमका : तीन साल बाद भी अधूरी जामा-सुगनीबाद सड़क, निर्माण में अनियमितता का आरोप, आयुक्त से की जांच की... सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल देंगे मेधावियों को स्वर्ण पदक... धनतेरस : खरीदारी में सिर्फ ऑफर नहीं, स्थानीय दुकानदारों के भरोसे को भी दें महत्व 11 फरवरी को होगा ‘मिस्टर एंड मिस दुमका’ प्रतियोगिता, 8 श्रेणियों में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच कार्तिक मास में भक्ति और दीपदान का संदेश दे रहा इस्कॉन दुमका, श्रद्धालुओं को किया आमंत्रित दुमका में स्टारलिंक के खिलाफ छात्र चेतना संगठन का विरोध मार्च, एलन मस्क का पुतला फूंका