दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.ज्ञान चंद की पुस्तक “मानव संसाधन प्रबंधन” का गुरुवार को कुलपति प्रोफेसर डॉ.कुनुल कंदीर के हाथों किया गया। कुलपति कार्यालय में आयोजित इस पुस्तक विमोचन समारोह में कुलसचिव डॉ.राजीव रंजन शर्मा, कुलानुशासक डॉ.राजीव कुमार, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो.दीपक कुमार दास, विभाग के शिक्षक डॉ.बिनोद मुर्मू, अमृत होरो, टीपू कुमार आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो.कुनुल कंदीर ने कहा कि यह पुस्तक वाणिज्य एवं प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और मार्गदर्शक सिद्ध होगी। उन्होंने डॉ.ज्ञान चंद के निरंतर शोध, लेखन और शिक्षण कार्यों की सराहना करते हुए इस पुस्तक को समय की आवश्यकता बताया। पुस्तक के लेखक डॉ.ज्ञान चंद ने बताया कि इस पुस्तक में मैनपावर प्लानिंग, नियुक्ति प्रक्रिया एवं मानव संसाधन प्रबंधन के समकालीन आयामों को सरल एवं व्यवहारिक भाषा में समझाया गया है। यह पुस्तक बीकॉम, बीबीए, एमकॉम तथा एमबीए के विद्यार्थियों एवं प्रबंधन विषय में रुचि रखने वालों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। विश्वविद्यालय के पीआरओ प्रो.दीपक कुमार के अनुसार डॉ.ज्ञान चंद वर्तमान में स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग में नीड-बेस्ड सहायक प्राध्यापक पद पर पिछले एक वर्ष से कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग में लगभग आठ वर्षों तक सेवा दे चुके हैं। वे वाणिज्य के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् के रुप में जाने जाते हैं।
