रानीश्वर/दुमका। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में मयूराक्षी ग्रामीण कॉलेज, रानीश्वर में शुक्रवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. नब कुमार पाल ने की। एनएसएस इकाई 1, 3, 4 एवं 5 की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों तथा छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया। प्रभारी प्राचार्य प्रो.पाल ने कहा कि तंबाकू और सिगरेट का सेवन फेफड़ों के कैंसर, सांस संबंधी गंभीर बीमारियों तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का मुख्य कारण बनता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य और भविष्य पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और यदि युवा वर्ग नशे से दूर
रहेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे। एनएसएस इकाई 1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.अवर्णा रॉय, इकाई 3 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.रूपम कुमारी, इकाई 4 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.प्रशांत पातर तथा इकाई 5 के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो.आशीष कुमार मंडल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नशा से दूर रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि खाली समय में युवाओं को संगीत, खेल, सामाजिक सेवा और अपनी रुचि के सकारात्मक कार्यों में खुद को व्यस्त रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही जीवन को सफल बनाती है। कार्यक्रम में प्रेरणा प्रभा, महाबुद्ध, मयंक, अमन सिंह, बाबू जी, संतोष कुमार, गौरभ राय, जीनत अमन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं एनएसएस वालंटियर्स उपस्थित थे।
