रानीश्वर/दुमका। मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय, रानीश्वर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई 1, 3 एवं 4 की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी प्राचार्य प्रो. नब कुमार पाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। 565 रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर एनएसएस इकाई-3 की कार्यक्रम पदाधिकारी सह दुमका जिला नोडल पदाधिकारी डॉ.रूपम कुमारी ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।कार्यक्रम के दौरान देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने उन्हें नमन करते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले सभी शहीदों को याद किया तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में एनएसएस इकाई-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.अवर्णा रॉय, इकाई-3 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.रूपम कुमारी, इकाई-4 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.प्रशांत पातर, प्रो.काजल मंडल, चंदन घोष सहित एनएसएस स्वयंसेवक शर्मिला बेसरा, ममता टुडू, निशा टुडू, चंदन कुमार, सीता कुमारी सिंह, गोपा दास आदि उपस्थित थे। #####
