Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थी परिषद् कार्यकर्ता, एसकेएमयू में अनिश्चितकालीन... एसआईआर और खनन कानून के विरोध में झामुमो का धरना-प्रदर्शन 19 को दुमका में गणेश महोत्सव की धूम, गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा शहर दुमका में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ा नेटवर्क! निकासी बंद होने से निवेशकों में बढ़ी बेचैनी दुमका में क्रिकेट को बढ़ावा देने की तैयारी तेज, पंजीयन शुल्क से लेकर एजीएम की तारीख तक तय मां दुर्गा के स्वागत में जगमगाएगा शिवपहाड़, 5.85 लाख के बजट से भव्य पूजा की तैयारी शुरू महिला थाना में काउंसलिंग, छह मामलों में दोनों पक्षों के बीच हुआ आपसी समझौता दुमका फोटोग्राफिक एसोसिएशन का चुनाव संपन्न, कुमार रिपुल अध्यक्ष, रवि कुमार सचिव और मोहम्मद मुस्तफा ब... परीक्षा विभाग की अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थी परिषद् ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, 14 सितंबर तक का दि... गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से जुड़े एसकेएमयू के शिक्षक-पदाधिकारी, मिला तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सो...

मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थी परिषद् कार्यकर्ता, एसकेएमयू में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

0 99

दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज विद्यार्थी परिषद् के छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार से विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। विद्यार्थी परिषद् की ओर से बताया गया कि आंदोलन अचानक शुरू नहीं किया गया है। परिषद् ने 10 सितंबर को कुलपति को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय प्रशासन को समय दिया था। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया था कि यदि 14 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद् भूख हड़ताल शुरू करेगी। निर्धारित समय सीमा तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद परिषद् ने मंगलवार से आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में प्रभारी परीक्षा नियंत्रक को हटाना और परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराना शामिल है। परिषद् का कहना है कि परीक्षा संचालन, परिणाम प्रकाशन, प्रमाण-पत्र निर्गमन, परीक्षा केंद्र निर्धारण और पुनर्मूल्यांकन समेत परीक्षा विभाग से जुड़े कई मामलों को लेकर विद्यार्थियों में लगातार असंतोष है। परिषद् ने प्रभारी परीक्षा नियंत्रक के कार्यकाल के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों की स्वतंत्र जांच की मांग भी की है। इसके साथ ही एनसीसीएफ से जुड़े कार्यों और निविदा प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क एवं अन्य वित्तीय मामलों की जांच कराने की मांग उठाई गई है। विद्यार्थी परिषद् ने विश्वविद्यालय में कथित प्रशासनिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों की उच्च स्तरीय जांच, आवश्यकता से अधिक डेस्क-बेंच की खरीद की जांच तथा प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति और उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग की है। परिषद् का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। आंदोलनकारियों ने विद्यार्थियों से संबंधित आंकड़ों को सुरक्षित विश्वविद्यालय सर्वर पर स्थानांतरित कर उनकी गोपनीयता सुनिश्चित करने की भी मांग की है। लंबित परीक्षाओं का शीघ्र आयोजन, परिणामों का समयबद्ध प्रकाशन और परीक्षा परिणाम व पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग भी आंदोलन का हिस्सा है। इसके अलावा योग्य शिक्षकों की उपलब्धता के बावजूद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की व्यवस्था की समीक्षा, विश्वविद्यालय में विधि और बीएड जैसे पाठ्यक्रम शुरू करने, छात्र शिकायत एवं समाधान केंद्र स्थापित करने तथा सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की व्यवस्था करने की मांग की गई है। विद्यार्थी परिषद् ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय को तत्काल विद्यार्थियों के लिए खोलने, निर्माणाधीन एवं पूर्ण भवनों की तकनीकी और वित्तीय गुणवत्ता की जांच कराने तथा महाविद्यालयों में घटाई गई स्नातक नामांकन सीटों को पुनः बहाल करने की मांग भी रखी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमों के अनुरूप शोध प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग भी शामिल है। परिषद् नेताओं ने कहा कि जब तक प्रमुख मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित और प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई है। भूख हड़ताल के समर्थन में हिमांशु दुबे, विकास भगत, सूरज कुमार, मनीष मंडल, संजय पाल, प्रहलाद शर्मा, वरुण चंद्र, दीवाना कुमार, राहुल कुमार, विकास ठाकुर, अमन साह, मनीष यादव, अनुज राय, नवदीप मंडल, पिंकी, सुनीता, रीमा, अंजली समेत अच्छी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। ##### webakhbar.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.