महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए दुमका शहर में बनायेंगे पिंक टाॅयलेट और पिंक बस स्टाॅप, हर वार्ड में महिला हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था : सुमित कुमार
0 133
दुमका। दुमका नगर परिषद् चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार ने कहा कि चुनाव जितने के बाद दुमका शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाया जायेगा। शहर के अंतर्गत आने वाले सभी 21 वार्डों में समान विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए शहर में पिंक टाॅयलेट और पिंक बस स्टाॅप की स्थापना की जायेगी। साथ ही हर वार्ड में महिला हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की जायेगी। श्री कुमार शुक्रवार को अपने चुनाव कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ
अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया। अपने चुनावी घोषणा पत्र में श्री कुमार ने अध्यक्ष निर्वाचित होने पर जनता का बजट तैयार करने के लिए दुमका शहर के सभी वार्ड में वर्ष में एक बार जनसभा आयोजित करने, खर्च का पूरा विवरण ऑनलाइन और नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक करने, 72 घंटे के अंदर जनता की समस्या का समाधान करने के लिए नगर ऐप की व्यवस्था करने, 72 घंटे के अंदर समस्या का समाधान नहीं होने परे संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करने, हर वार्ड में मिनी नगर कार्यालय की स्थापना करने, नगर परिषद् कार्यालय में हेल्प डेस्क को सक्रिय कर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र त्वरित जारी करने, चिल्ड्रेन पार्क का सुदृढ़ीकरण करने, शिवपहाड़ और रसिकपुर में नये पार्कों का निर्माण व हर वार्ड में ग्रीन एरिया विकसित कर जाॅगिंग पार्क बनाने, ई-रिक्शा चालकों को पहचान पत्र प्रदान कर उनके लिए शहर में चार्जिंग पाॅइंट की व्यवस्था करने, दिहाड़ी मजदूर, ठेला एवं रिक्शा चालकों को भी कामगार कार्ड उपलब्ध कराकर उनके लिए मुफ्त इलाज, दुर्घटना बीमा व बच्चों की पढ़ाई में सहायता प्रदान करने, भू-गर्भ जल स्तर को बनाये रखने के लिए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, सीवरेज सिस्टम को दुरूस्त करने, नालियों की नियमित सफाई कराने, हर वार्ड में युवा शक्ति केन्द्र की स्थापना कर फ्री वाई-फाई और प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, स्टार्टअप और स्किल ट्रेनिंग के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार का अवसर प्रदान करने, नगर की आय-व्यय का पूरा विवरण जनता के सामने रखने, छात्र-छात्राओं के लिए कौशल शिक्षा की व्यवस्था करने, दिव्यांगजनों के पेंशन के लिए आवेदन की घर-घर सुविधा प्रदान करने, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल व बैसाखी का निःशुल्क वितरण करने आदि का वादा किया है।
0 133