Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
विद्यालय प्रबंधन समिति को सशक्त बनाने पर जोर, मास्टर ट्रेनरों को दिया जा रहा प्रशिक्षण; आरटीई और एनई... दुमका : एक डॉक्टर के व्हाट्सएप स्टेटस से मची हलचल ने दिया समाज को जरूरी संदेश दुमका में 19 नवंबर को होगी जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता, राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका अङ्गक्षेत्र में दारिद्र्य-निष्क्रमण की परम्परा और प्राचीनतम सभ्यता के साक्ष्य टूटने की कगार पर प्राकृतिक जीव-शृंखला मसानजोर डैम पहुंचकर एमजी कॉलेज के भूगोल के विद्यार्थियों ने किया फील्ड वर्क, बहुउद्देश्यीय परियोजना ... एसकेएमयू के 10वें दीक्षांत समारोह में 38 स्वर्ण पदक और 15 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, राज्यपाल न... ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे के साथ दुमका में गरजे बाबूलाल मरांडी, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ ... दुमका : तीन साल बाद भी अधूरी जामा-सुगनीबाद सड़क, निर्माण में अनियमितता का आरोप, आयुक्त से की जांच की... सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल देंगे मेधावियों को स्वर्ण पदक...

दुमका : एक डॉक्टर के व्हाट्सएप स्टेटस से मची हलचल ने दिया समाज को जरूरी संदेश

0 154

✍️ रवि कान्त सुमन

समाज में चिकित्सक का स्थान केवल एक पेशेवर व्यक्ति का नहीं, बल्कि जीवन रक्षक और भरोसे के प्रतीक का भी होता है। ऐसे में यदि कोई चिकित्सक सोशल मीडिया पर ऐसा संदेश प्रसारित करे, जिससे उसके परिचितों, परिजनों और शुभचिंतकों के बीच भय और अफरातफरी पैदा हो जाए, तो यह निश्चित रूप से गंभीर चिंतन का विषय है।
झारखंड के दुमका में एक चिकित्सक के व्हाट्सएप स्टेटस ने मंगलवार को कुछ ऐसा ही माहौल पैदा कर दिया। उनके स्टेटस पर आत्महत्या करने की आशंका जताने वाला संदेश सामने आते ही परिचितों और शुभचिंतकों में बेचैनी बढ़ गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय एक सामाजिक कार्यकर्ता ने उनके परिजनों को तत्काल सूचना दी। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन और पुलिस संबंधित होटल पहुंचे, जहां चिकित्सक के ठहरने की जानकारी मिली।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक उनके द्वारा किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। इस संदेश के पीछे की वास्तविक वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
क्या सोशल मीडिया पर इस तरह की हरकत उचित है?
इस घटना ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर किसी व्यक्ति को अपनी परेशानी या नाराजगी जाहिर करने के लिए ऐसा संदेश सार्वजनिक करने की आवश्यकता क्यों पड़ती है, जिससे सैकड़ों लोगों की चिंता बढ़ जाए?
यदि कोई व्यक्ति वास्तव में मानसिक तनाव, पारिवारिक परेशानी अथवा किसी अन्य संकट से गुजर रहा है, तो उसे मदद मांगने का पूरा अधिकार है। लेकिन इसके लिए परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों अथवा संबंधित विशेषज्ञों से सीधे संवाद करना अधिक जिम्मेदार तरीका है।
वहीं, यदि कोई व्यक्ति केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने, किसी को परेशान करने अथवा भावनात्मक दबाव बनाने के लिए इस तरह का संदेश प्रसारित करता है, तो ऐसा आचरण अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना है। इससे न केवल परिवार के लोग मानसिक तनाव में आते हैं, बल्कि पुलिस और अन्य लोगों का बहुमूल्य समय भी खर्च होता है।
हालांकि, इस मामले में चिकित्सक की मंशा की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
*कानून क्या कहता है?*

कानूनी दृष्टिकोण से भी इस तरह के मामलों को समझना जरूरी है। सिदो कान्हु मुर्मु विश्वविद्यालय दुमका के पूर्व लाॅ कॉ-आर्डिनेटर प्रो.डॉ.अजय सिन्हा के अनुसार भारत में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम, 2017 की धारा 115 के तहत आत्महत्या का वास्तविक प्रयास करने वाले व्यक्ति को, इसके विपरीत साबित नहीं होने तक, गंभीर तनाव से गुजर रहा माना जाता है। कानून ऐसे व्यक्ति को दंडित करने के बजाय देखभाल, उपचार और पुनर्वास उपलब्ध कराने पर जोर देता है। यदि पोस्ट केवल मानसिक पीड़ा या अवसाद के कारण है, तो कोई आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जाता। लेकिन यदि इस तरह के पोस्ट से किसी अन्य व्यक्ति को परेशान करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास साबित होता है, तो जांच के दायरे में कानूनी कार्रवाई हो सकती है। वहीं भारतीय न्याय संहिता की धारा 226 में किसी लोक सेवक को उसके वैधानिक कर्तव्य के निर्वहन से रोकने या बाध्य करने के इरादे से आत्महत्या का प्रयास करने के विशेष मामले में दंड का प्रावधान है। लेकिन केवल व्हाट्सएप पर ऐसा स्टेटस लिख देने से यह धारा स्वतः लागू नहीं हो जाती। यदि जांच में जानबूझकर झूठी सूचना देकर पुलिस अथवा प्रशासन को गुमराह करने जैसी कोई बात सामने आती है, तो तथ्यों के आधार पर अन्य कानूनी प्रावधानों की प्रासंगिकता भी जांची जा सकती है। किसी व्यक्ति पर कानूनी दोष तय करना पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया का विषय है।

अधिवक्ता डॉ.राज कुमार उपाध्याय के अनुसार इस पूरे प्रकरण में सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह नहीं है कि चिकित्सक ने सोशल मीडिया पर ऐसा संदेश क्यों लिखा, बल्कि यह है कि क्या उनकी जान को वास्तविक खतरा था और क्या उन्हें समय पर उचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

किसी भी सभ्य एवं संवैधानिक व्यवस्था में आत्महत्या की आशंका व्यक्त करने वाले व्यक्ति को उपहास, सामाजिक अपमान अथवा अनावश्यक आपराधिक कार्रवाई का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसे व्यक्ति को पहले जीवन सुरक्षा, चिकित्सकीय उपचार, मानसिक स्वास्थ्य सहायता एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। कानून का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि किसी संभावित अपराध या जीवन की क्षति को समय रहते रोकना भी है। इस मामले में एसओपी का पालन किया जाना चाहिए और दुमका के मनोचिकित्सा केन्द्र में उनका काउंसेलिंग करवाया जाना चाहिए।

समाज के लिए एक जरूरी संदेश
इस घटना से समाज के हर व्यक्ति को सीख लेने की जरूरत है। जीवन में परेशानियां सभी के सामने आती हैं। कभी आर्थिक संकट, कभी पारिवारिक विवाद, कभी सामाजिक उपेक्षा तो कभी व्यक्तिगत असफलताएं व्यक्ति को मानसिक रूप से विचलित कर सकती हैं। लेकिन किसी भी परिस्थिति में अपनी परेशानी को इस तरह व्यक्त नहीं करना चाहिए कि दूसरे लोग भयभीत और  परेशान हो जाएं।
विशेषकर डॉक्टर, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य जिम्मेदार पेशों से जुड़े लोगों से समाज अधिक संवेदनशील और विवेकपूर्ण व्यवहार की अपेक्षा करता है। यदि वे स्वयं अपने आचरण में संयम और जिम्मेदारी नहीं दिखाएंगे, तो आम लोगों के सामने कैसी मिसाल पेश होगी?
इस घटना का दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है। किसी के व्हाट्सएप स्टेटस पर आत्महत्या से संबंधित संदेश दिखे तो उसे मजाक, नाटक या ध्यान आकर्षित करने का तरीका मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तत्काल संबंधित व्यक्ति से संपर्क करना, उसके परिजनों को सूचना देना और जरूरत पड़ने पर पुलिस या आपातकालीन सहायता लेना ही समझदारी है।
याद रखना चाहिए कि जीवन अनमोल है, परेशानी का समाधान संवाद और सहयोग में है, भय पैदा करने में नहीं। सोशल मीडिया पर लिखे गए कुछ शब्द भी कई लोगों की रातों की नींद उड़ा सकते हैं। इसलिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी हर नागरिक का कर्तव्य है। webakhbar.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.