दुमका में 19 नवंबर को होगी जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता, राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
16 से 30 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा, बिना कराओके के देनी होगी पांच मिनट की प्रस्तुति
दुमका (झारखंड)। झारखंड की समृद्ध लोक एवं जनजातीय कला-संस्कृति और पारंपरिक गीत-संगीत को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की पहल की जा रही है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन के जिला खेल कार्यालय की ओर से 19 नवंबर को दुमका के इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें जिले के 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को इंडोर स्टेडियम के भीतरी प्रशाल में जिला कला संस्कृति संघ के वरिष्ठ सदस्यों की एक बैठक हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतिभागियों की प्रस्तुति और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक नियम एवं दिशा-निर्देश तय किए गए। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को हिंदी अथवा क्षेत्रीय भाषाओं में अपनी गायन प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके तहत गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत, भजन, सूफी गायन सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के गीत-संगीत की प्रस्तुतियां स्वीकार की जाएंगी। प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट का समय मिलेगा। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कराओके का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यानी प्रतिभागियों को बिना कराओके के अपनी गायन क्षमता का प्रदर्शन करना होगा। चयन प्रक्रिया के तहत विभिन्न विधाओं से पांच प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम दौर में जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एक प्रतिभागी का चयन किया जाएगा, जिसे रांची में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दुमका का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। जिला खेल पदाधिकारी ने जिले के इच्छुक एवं योग्य युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में जिला कला संस्कृति संघ के संरक्षक उमा शंकर चौबे एवं अरुण सिन्हा, उपाध्यक्ष महेंद्र साह, सचिव अशोक सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ.मधुर कुमार सिंह, उप सचिव अंजनी शरण एवं ऋतुराज तथा सक्रिय सदस्य संदीप साह उपस्थित थे।
webakhbar.com
