दुमका। मुहर्रम पर्व को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में स्थानीय इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त श्री सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खैरवार ने शांति समिति के सभी सदस्यों से मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की। मौके पर उपायुक्त ने सभी लाइसेंसधारी अखाड़ों को निर्धारित रूट से ही जुलूस आयोजित करने एवं किसी भी परिस्थिति में रूट ना बदलने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान अगर किसी भी प्रकार की कोई अफवाह सामने आती है, तो इसकी जानकारी त्वरित रूप से नजदीकी थाना अथवा जिला प्रशासन को दी जाए। उन्होंने शांति व्यवस्था बिगड़ने की घटना होने पर अविलम्ब इसकी सूचना नजदीकी थाना अथवा जिला कंट्रोल रूम को देने की बात कही। उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने एवं हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने और किसी भी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या की सूचना मिलने पर उसके निवारण के लिए त्वरित कारवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने शांति समिति के सभी सदस्यों को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में दिए जा रहे दिशा-निर्देशों को अपने-अपने क्षेत्रों में सभी अखाड़ों और अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही जुलूस के दौरान लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ताजिया की लंबाई 4 मीटर से अधिक ना हो। बिजली विभाग के द्वारा यथासंभव बिजली नहीं काटी जाएगी। मुहर्रम के दौरान अप्रिय घटना के रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के द्वारा ड्रोन से दुमका शहरी क्षेत्र की निगरानी की जायेगी। इस दौरान उपायुक्त ने पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनजर आकस्मिक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल एवं अग्निशमन अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने एवं आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री खैरवार ने अखाड़ा समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत वैसे शरारती तत्व जो पर्व के दौरान सौहार्द पूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का प्रयास करते हैं उन्हें चिन्हित कर पुलिस को सूचित करने की अपील किया। उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर साइबर सेल के द्वारा सतत निगरानी रखी जायेगी। सोशल मीडिया में भ्रामक अफवाह फैलाने की कोशिश करने वाले व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं अखाड़ों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
