बासुकिनाथ में विधायक देवेन्द्र कुंवर और डॉ.लोइस मरांडी ने किया राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का उद्घाटन

बासुकिनाथ। बासुकिनाथ में गुरुवार को राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 का विधिवत उद्घाटन यहां मयूराक्षी कला मंच से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। मेला का उद्घाटन जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर और जामा विधायक डॉ.लोइस मरांडी ने दीप प्रज्वलित और नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर जरमुंडी विधायक श्री कुंवर ने कहा कि मेला में जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं अत्यंत सराहनीय हैं। इसमें किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बाबा बासुकिनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ही है, जिसके कारण प्रतिवर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु यहाँ आते हैं। उन्होंने कहा कि इस आस्था के साथ सेवा की भावना भी आवश्यक है और सभी को अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखें, उन्हें किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सजग रहे। जामा विधायक डॉ.लुईस ने अपने संबोधन में कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश के विभिन्न हिस्सों से बासुकिनाथ पहुंचते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रत्येक वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नये-नये कार्य किये जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी कई नवाचार किये गए हैं। विशेष रूप से स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए टेंट सिटी में डिस्पोजेबल बेडशीट की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और हाईजेनिक वातावरण प्राप्त हो।उन्होंने कहा कि हमारा कर्त्तव्य है कि यहां आने वाले श्रद्धालु राज्य की एक सकारात्मक और बेहतर छवि लेकर वापस जाएं। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि उनकी आस्था और श्रद्धा का सम्मान करते हुए उन्हें सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान की जाएं। इससे पहले स्वागत संबोधन में दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि मेला में बासुकिनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई नहीं हो, उन्हे बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सके,इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में 12 टेंट सिटी का निर्माण किया गया है। ताकि श्रद्धालुओं को विश्राम करने में कठिनाई नहीं हो। जागह जगह पर वाटर पोस्ट की व्यवस्था की गयी है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य सुविधा हेतु 24×7 पूरे मेला अवधि में 20 एम्बुलेंस एक्टिव मोड में रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि टेंट अस्पताल सहित मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र भी उपलब्ध है,जिसमें डॉक्टर जरूरी दवाइयों के साथ 24×7 उपलब्ध रहेंगे।750 सीसीटीवी कैमरे के साथ AI कैमरे, ड्रोन कैमरे से भी पूरे मेला क्षेत्र पर निगरानी रखी जायेगी ताकि विधि व्यवस्था संधारण में आसानी हो। मेला क्षेत्र में एन्टी टेरर स्क्वाड, बम स्क्वाड की प्रतिनियुक्ति की गयी है। 450 सफाई मित्र 24X7 मेला क्षेत्र की साफ सफाई का कार्य करेंगे। 100 वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है जो श्रद्धालुओं का ख्याल रखेंगे। मेला क्षेत्र में AI चैटबोट की व्यवस्था रहेगा,इसके लिए जगह जगह पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। कोई भी श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी समस्याओं का हल पा सकते है। उद्घाटन समारोह को जिला परिषद् की अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने भी सम्बोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने किया। समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद अभय कांत प्रसाद, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंबर लकड़ा,पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार,जिला परिषद उपाध्यक्ष,अपर समाहर्ता दुमका,अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।