अब उर्दू विषय का भारतीय ज्ञान परंपरा मेजर विषय के रूप में पढ़ाया जायेगा : विभागाध्यक्ष
एसकेएमयू के पीजी उर्दू विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत सिलेबस अद्यतन एवं निर्माण को लेकर बैठक आयोजित
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर उर्दू विभाग में बुधवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत सिलेबस अद्यतन एवं निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विभागाध्यक्ष डॉ.शम्स तबरेज खान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विश्वविद्यालय के एनईपी समन्वयक दीपक कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में सरकार द्वारा भेजी गई नई एनईपी नियमावली और विश्वविद्यालय के निर्देश के आलोक में उर्दू विषय के पाठ्यक्रम को अद्यतन करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। विभागाध्यक्ष डॉ.खान ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे नए नियमों के अनुरूप सिलेबस को शीघ्र तैयार कर निर्धारित समय सीमा के भीतर विश्वविद्यालय में जमा करें। उन्होंने यह भी बताया कि अब उर्दू विषय का भारतीय ज्ञान परंपरा मेजर विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा। डॉ.खान ने कहा कि नई शिक्षा नीति की नियमावली का अक्षरशः पालन करते हुए ही पाठ्यक्रम निर्माण किया जाएगा ताकि शैक्षणिक गुणवत्ता और नीति के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। बैठक में विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकों में गोड्डा कॉलेज से डॉ.नूर नवी, महिला कॉलेज गोड्डा से प्रो.साबरा तबस्सुम, एसपी कॉलेज से प्रो.हमीदा खातून, मधुपुर कॉलेज से प्रो.उमेश कुमार और प्रो. मोहम्मद मोजम्मिल हुसैन उपस्थित थे। बैठक में विषयगत विचार-विमर्श के साथ विषय की प्रासंगिकता, भारतीय मूल्यों के समावेश और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सिलेबस को आधुनिक व रोजगारोन्मुखी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।