दुमका। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय दुमका के तत्वावधान में शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (प्लस टू जिला स्कूल) के द्वारा भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के द्वारा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के लिए शहर में एक जागरूकता रैली निकाली गई।रैली को बतौर मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य महेन्द्र राजहंस, विशिष्ट अतिथि विजय कुमार दूबे, निवास रजक एवं संजय कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री राजहंस ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल एक उत्सव नहीं बल्कि राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए संकल्प का प्रतिक है। यह दिन हमें अपने देश की एकता अखंडता और सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष का विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता के समय थे। श्री राजहंस ने कहा कि हर नागरिक को ऐसे विचार या कार्य का त्याग करना चाहिए जो हमारे राज्य की एकता एवं अखंडता को कमजोर करता हो। विशिष्ट अतिथि भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव विजय कुमार दूबे ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता की नींव रखी। उन्होंने छोटे-छोटे स्वतंत्र प्रांतों को जोड़कर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया। श्री दूबे ने कहा कि लौह पुरुष का योगदान हर भारतवासी के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के लिए एक भारत, श्रेष्ठ भारत का विजन सर्वोपरी था। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व सबके लिए अनुकरणीय है। पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ.दिलीप कुमार झा ने कहा कि आज राष्ट्रीय एकता दिवस पर हम सभी संकल्प ले कि हम हर ऐसे कार्य से दूर रहेंगे जो देश की एकता और अखंडता को कमजोर करता है। हमारा यह संकल्प ही लौह पुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। निवास रजक ने बताया कि 2014 में केंद्र सरकार ने सरदार पटेल के जन्मदिन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस घोषित कर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल हमारे बीच नही हैं, लेकिन उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व सभी देशवासियों के मन मष्तिष्क में अमिट छाप की तरह विराजमान है। रैली में छात्र-छात्राओं के साथ केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी खुर्शीद आलम, इंटर संकाय प्रभारी मुदस्सर सुल्तान, विद्यालय के शिक्षक संजीव कुमार सिंह, अमित कुमार पांडेय, स्नेहलता मरांडी, रूपेश कुमार झा, प्रकाश कुमार घोष, अर्चना कुमारी, सुशीला किस्कू, तरन्नुम परवीन, कृष्णा कुमारी, जयंत स्नेही, विक्रम कुमार, सपना हेम्ब्रम, रानी स्वेत निशा देहरी, आराधना झा, पवन कुमार आदि शामिल थे। रैली के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
