दुमका। राष्ट्रीय नाई महासभा के द्वारा शनिवार को भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनायी गयी। इस अवसर दुमका शहर के टीन बाजार सब्जी मंडी स्थित कर्पूरी जी की प्रतिमा पर महासभा के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष जिला अध्यक्ष नंदकिशोर भंडारी के नेतृत्व में माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। माल्यार्पण के इस कार्यक्रम में महासभा के उज्जवल कुमार दास, नवीन चंद्र ठाकुर, मधु भंडारी, बलराम भंडारी, लालमोहन ठाकुर, मनोज ठाकुर, मंटू ठाकुर, रमेश भंडारी, कालेश्वर भंडारी, शिवकुमार अग्रवाल उर्फ गुड्डू आदि शामिल थे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन, विचारों और उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी ने उन्हें सामाजिक न्याय की राजनीति का सच्चा प्रतीक बताया। महासभा के उज्जवल कुमार दास ने अपने संबोधन में कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची राजनीति वही है जो सेवा, त्याग और समानता पर आधारित हो। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष नंदकिशोर भंडारी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों को अपनाकर ही एक सशक्त और संगठित समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का समापन समाजहित, एकता और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ किया गया।

