जनता की हर समस्या के समाधान के लिए रहेंगे सबसे आगे, दुमका का सर्वांगीण विकास ही हमारा एकमात्र उद्देश्य : मिक्की झा
दुमका। नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत दुमका नगर परिषद् के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा ने कहा कि शहर के व्यापारियों के हित में जरूरत पड़ने पर सबसे पहले हम डंडा उठायेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या के समाधान के लिए हम सबसे आगे रहेंगे। श्री झा सोमवार को रसिकपुर स्थित अपने चुनाव कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया। अपने घोषणा पत्र में श्री झा ने अध्यक्ष
निर्वाचित होने पर दुमका शहर को उपराजधानी के रूप में विकसित करने, लाल कार्ड धारकों को निःशुल्क जल आपूर्ति कनेक्शन प्रदान करने, प्रत्येक घर में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने, होल्डिंग टैक्स कम करने, ऑटो चालकों के लिए टैक्स कम करने, नक्शा पास शुल्क कम करने, शहरी निवासियों को जल संकट से पूर्ण रूप से राहत प्रदान करने, ठोस कचड़ा प्रबंधन को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने, सीवरेज व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बहाल करने, दुमका के लोगों को काॅलोनियां, प्रधानमंत्री आवास और अन्य गुणवत्तापूर्ण जीवन सुविधाएं प्रदान करने, शहरी क्षेत्र में बेरोजगारों के लिए रोजगार का अवसर सृजित करने आदि का संकल्प लिया है। श्री झा ने कहा कि अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सबसे पहले दुमका शहर को साफ-सुथरा बनायेंगे। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए घंटी बजाकर घर-घर से कचड़ा उठाया जायेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि दुमका का सर्वांगीण विकास ही उनका एकमात्र उद्देश्य है।

पिछले कार्यकाल में शहर में हुआ है कई उल्लेखनीय विकास कार्य
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा ने बताया कि दुमका नगर परिषद् की निवर्तमान अध्यक्ष उनकी धर्मपत्नी श्वेता झा के कार्यकाल में दुमका शहर के विकास को लेकर कई उल्लेखनीय कार्य हुए है, जिनमें बड़ाबांध तालाब का सौंदर्यीकरण, सरकारी बस डिपो परिसर में बहुउद्देशीय भवन का निर्माण, बच्चों के लिए शहर के अलग-अलग जगहों पर ओपन जिम की स्थापना, फुटकर बिक्री के लिए वेंडिंग जोन का निर्माण, नागरिकों की सुरक्षा के लिए शहर में 210 सीसीटीवी लगाये गये, शुद्ध पेयजल से वंचित क्षेत्र को अवांछित करने के लिए 75 करोड़ की जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ, 2400 से अधिक प्रधानमंत्री शहरी आवास, अगले 20 साल तक कचरा प्रबंधन के लिए डीपीआर तैयार, गांधी मैदान को सुंदर व सुविधायुक्त बनाया गया, रसिकपुर तालाब का सौंदर्यीकरण व रौशनी की व्यवस्था, खुटाबांध तालाब का सौंदर्यीकरण, विजयपुर मुक्तिधाम में विद्युत शवदाहगृह, घाट और शेड का निर्माण, शिवपहाड़ परिसर का सौंदर्यीकरण, चारदीवारी, पार्क और कैफेटोरिया का निर्माण, भूमिहीनों को प्रधानमंत्री किफायती आवास योजना का लाभ, दुधानी में 160 फ्लैट का निर्माण आदि शामिल है।
