दुमका शहर को करेंगे प्रदूषणमुक्त, लोगों के लिए बनायेंगे नगर परिषद् का अपना हाॅस्पिटल, साफ-सफाई होगी पहली प्राथमिकता : रवि शंकर मंडल
दुमका। दुमका रेलवे स्टेशन से कोयला डंपिंग यार्ड हटाने की मांग को लेकर पिछले कई वर्षों से आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता रवि शंकर मंडल नगर परिषद् चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी है। चुनाव को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में श्री मंडल ने कहा कि अध्यक्ष निर्वाचित होने पर दुमका शहर की समुचित साफ-सफाई कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि दुमका रेलवे स्टेशन से कोयला डंपिंग यार्ड को हटाने के लिए वे 70 सप्ताह से धरना दे रहे है। इसके लिए 2021 से एनजीटी कोर्ट में केस लड़कर 10 करोड़ का फाइन भी कोयला कंपनी को लगवाया है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष निर्वाचित होने पर वे कोयला मंत्री और रेल मंत्री से मिलकर दुमका रेलवे स्टेशन से कोयला डंपिंग यार्ड को हटाने का काम करेंगे। इस अवसर पर श्री मंडल ने अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया, जिसमें उन्होंने शहर की समुचित साफ-सफाई कराने, जनता की समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नम्बर जारी करने, दुमका नगर परिषद् क्षेत्र अंतर्गत रसिकपुर मुहल्ले में पानी की समस्या को दूर करने, डीपीआर बनाकर नाली व्यवस्था को ठीक करने, स्ट्रीट लाइट को युद्ध स्तर पर ठीक करने, नागरिक सुरक्षा के लिए पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरा लगाने, खुले बिजली तार को ग्रेपिंग एवं नया तार लगाने, वर्तमान होल्डिंग टैक्स को कम करने के साथ 10 साल से होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करने वालों को टैक्स जमा करने में 50 प्रतिशत रियायत देने, जिनके घर में पानी का पाइपलाइन कनेक्शन है, पर 1 साल से पानी नहीं आ रहा है उनका बिल माफ करने, शहर में खराब पड़े चापानल को 30 दिन के अंदर ठीक कराने, सभी वार्डों एवं चौक-चौराहों पर सामुदायिक
शौचालय का निर्माण कराने, शहर के सभी चौक-चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करने, स्थानीय लोगों को माॅर्निंग व इवलिंग वाॅक करने में परेशानी न हो इसके लिए दुमका नगर परिषद् क्षेत्र में आने वाले मैदान का सौंदर्यीकरण करने, नगर परिषद् के सभी सफाई कर्मियों को समय पर मानदेय का भुगतान कराने, शहर में प्रतिदिन सुबह और शाम पेयजल की आपूर्ति कराने, दुमका नगर परिषद् का अपना वेंडर मार्केट का निर्माण कर उन दुकानदारों को दुकान देकर उनकी समस्या का स्थायी समाधान करने जिन्हें बार-बार अतिक्रमण कर परेशान किया जाता है, शहर के सभी दुकानों के आगे डस्टबिन लगाने, सभी वार्डों में अलग-अलग सफाई कर्मी और कूड़ा उठाने के लिए अलग-अलग गाड़ी की व्यवस्था करने, शहर में ट्रैफिक सिस्टम को मजबूत करने, शहर के सभी बड़ा तालाबों का सौंदर्यीकरण कर उसमें वोटिंग सिस्टम चालू करने, शहर के सभी ओपर जिम का सौंदर्यीकरण करने, शहर के सभी महापुरूषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण करने, शहरी क्षेत्र के सभी सड़कों का सौंदर्यीकरण करने, शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, दुमका नगर परिषद् का अपना एक हाॅस्पिटल बनाने, शहर के सभी पार्कों का सौंदर्यीकरण कर उसे चालू कराने, दुमका नगर परिषद् कार्यालय का सौंदर्यीकरण कर कर्मचारियों एवं कार्यालय आने वाले स्थानीय नागरिकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था करने आदि की घोषणा की है। इस अवसर पर श्री मंडल के साथ दुमका रेलवे स्टेशन से कोयला डंपिंग यार्ड हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे आंदोलनकारी जगन्नाथ पंडित, विष्णु यादव, अभय गुप्ता आदि भी उपस्थित थे। प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी श्री मंडल ने दुमका शहर के अपेक्षित विकास के लिए स्थानीय मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की भी अपील की।
