एमजी कॉलेज रानीश्वर में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम, मिली शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी
रानीश्वर/दुमका। मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय रानीश्वर में प्रभारी प्राचार्य प्रो.नब कुमार पाल की अध्यक्षता में सेमेस्टर-1 (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य सत्र 2026-30) के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, सुविधाओं एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था। प्रभारी प्राचार्य प्रो.पाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासन और निरंतर अध्ययन जरूरी है। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराया।
नामांकन प्रभारी डॉ.हिमांशु कुमार सिंह ने नियमित कक्षा में शामिल होने पर जोर दिया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.अशोक कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों की जानकारी दी। विज्ञान विभाग के डॉ.प्रशांत पातर, डॉ.अवर्णा रॉय, डॉ.रीना कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने विषयों एवं एनसीसी की जानकारी दी। कला संकाय के प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति एवं महाविद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ.रूपम कुमारी ने बताया कि 3 अगस्त से शुरू हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। 3 अगस्त को भूगोल, 5 अगस्त को विज्ञान के मेजर विषयों, 6 अगस्त को हिंदी, अंग्रेजी, दर्शनशास्त्र, बांग्ला एवं उर्दू तथा 7 अगस्त को समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र, वाणिज्य एवं राजनीति शास्त्र की जानकारी दी गई। डॉ.रूपम ने छात्र-छात्राओं को एनएसएस की पांच इकाइयों और उसकी गतिविधियों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन सभी प्राध्यापकों की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
