दुमका। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर दुमका चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार से मुलाकात की। इस दौरान चेंबर ने एक ज्ञापन देकर पुलिस अधीक्षक से शहर में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। चेंबर प्रतिनिधियों ने शहर में हाल के दिनों में हुई चोरी एवं अन्य घटनाओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चोरी एवं ठगी की घटनाओं को लेकर पुलिस गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हाल में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को यथाशीघ्र दुरुस्त कराने की बात कही। साथ ही चोरी गए सामानों की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी किए जाने की जानकारी दी। दुर्गापूजा को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने चेंबर प्रतिनिधियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि शहर में जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। पुलिस अधीक्षक से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के संरक्षक प्रवीण कुमार मेहारिया, अध्यक्ष मुस्ताक अली खोखन दा, सचिव डॉ. मनोज कुमार घोष, उपाध्यक्ष पवन कुमार भालोटिया, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल गोयल, देवाशीष दास गुप्ता जय, रमण मोदी, पृथ्वी मोदी आदि शामिल थे। webakhbar.com
