Local & National News in Hindi

‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे के साथ दुमका में गरजे बाबूलाल मरांडी, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम

0 31

* ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और आदिवासी अस्मिता के मुद्दे पर हेमंत सरकार को घेरा

दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक मोर्चा खोला। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ निकली भाजपा की पदयात्रा में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के दिग्गज नेताओं ने राज्य की झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर भ्रष्टाचार, कुशासन, बेरोजगारी और आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में यज्ञ मैदान से शुरू हुई पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंची, जहां यह जनसभा में तब्दील हो गई। पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और आक्रामक तेवर देखने को मिला। कार्यकर्ता ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’, ‘राहुल गांधी हाय-हाय’ और ‘कांग्रेस पार्टी शर्म करो’ जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे। भाजपा के झंडों और नारों से शहर की सड़कें गूंजती रहीं। पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था।

पदयात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद तथा पूर्व विधायक सीता सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र के प्रति प्रेम केवल दिखावा है। जिस पार्टी ने वर्षों तक लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, वही आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का दावा कर रही है। उन्होंने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार और खनिज संपदा की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब मांग रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ हेमंत सरकार को सत्ता सौंपी थी, सरकार उस पर खरी नहीं उतरी। विकास के दावों के बावजूद राज्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा की बात करने वाली सरकार आदिवासियों और मूलवासियों के हितों की रक्षा करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की अस्मिता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूर्व विधायक एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने महिला सुरक्षा, आदिवासी अधिकार और संताल परगना में कथित बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार महिलाओं की सुरक्षा और आदिवासी समाज की जमीन एवं पहचान से जुड़े सवालों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। सीता सोरेन ने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने संताल परगना की आदिवासी पहचान और सांस्कृतिक विरासत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ, आदिवासियों की घटती आबादी, जमीन पर कथित अवैध कब्जे और जनसांख्यिकीय बदलाव जैसे मुद्दों पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। संताल परगना आदिवासियों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान की भूमि है। भाजपा इसकी जमीन, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।

सभा में भाजपा नेताओं ने एक स्वर में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचार, घुसपैठ, कुशासन और अराजकता से मुक्त कराना जरूरी है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

पदयात्रा एवं जनसभा में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा, पिंटू अग्रवाल, पारितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरवकांत, पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल, मनोज साह, बिपिन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष गणपति पाल, सहदेव मरांडी, मनीष कुमार, संतोष साह, नंद किशोर मंडल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। ##### webakhbar.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.

ब्रेकिंग
एसकेएमयू के 10वें दीक्षांत समारोह में 38 स्वर्ण पदक और 15 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, राज्यपाल न... ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे के साथ दुमका में गरजे बाबूलाल मरांडी, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ ... दुमका : तीन साल बाद भी अधूरी जामा-सुगनीबाद सड़क, निर्माण में अनियमितता का आरोप, आयुक्त से की जांच की... सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल देंगे मेधावियों को स्वर्ण पदक... धनतेरस : खरीदारी में सिर्फ ऑफर नहीं, स्थानीय दुकानदारों के भरोसे को भी दें महत्व 11 फरवरी को होगा ‘मिस्टर एंड मिस दुमका’ प्रतियोगिता, 8 श्रेणियों में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच कार्तिक मास में भक्ति और दीपदान का संदेश दे रहा इस्कॉन दुमका, श्रद्धालुओं को किया आमंत्रित दुमका में स्टारलिंक के खिलाफ छात्र चेतना संगठन का विरोध मार्च, एलन मस्क का पुतला फूंका बड़ा बांध छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की होगी विशेष व्यवस्था, डॉ.तुषार ज्योति अध्यक्ष... राष्ट्रीय एकता दिवस पर एमजी कॉलेज रानीश्वर में दिलाई गई एकता की शपथ, इंदिरा गांधी को भी किया नमन