बड़ा बांध छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की होगी विशेष व्यवस्था, डॉ.तुषार ज्योति अध्यक्ष और राम मंडल बने सचिव
दुमका। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दुमका के बड़ा बांध छठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़ा बांध छठ पूजा समिति, पोखरा चौक, दुमका की बैठक रविवार देर शाम धर्मस्थान मंदिर परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी प्रेम केशरी ने की। बैठक में वर्ष 2026 के छठ महापर्व के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से नई समिति का गठन किया गया, जिसमें डॉ.तुषार ज्योति को अध्यक्ष तथा राम मंडल को सचिव चुना गया। इसके अलावा आयोजन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों और विभागीय प्रभारियों का चयन किया गया।
छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा बांध तालाब एवं घाट की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पर्याप्त रोशनी, आकर्षक स्वागत द्वार और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। समिति की ओर से व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क दूध, अगरबत्ती, दातून, घी और दीप का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। छठ घाट परिसर में मेले का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में समाजसेवी प्रेम केशरी ने कहा कि छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सामूहिक सहभागिता, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। समिति का प्रयास रहेगा कि घाट पर आने वाले प्रत्येक व्रती एवं श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले।
नवनिर्वाचित सचिव राम मंडल ने कहा कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पारदर्शिता, सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग के आधार पर संचालित की जाएंगी। समिति ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय व्यवसायियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
समिति के प्रमुख पदाधिकारी
डॉ.तुषार ज्योति अध्यक्ष, मनोज अम्बष्ठ, सपन साह, महेश राम चंद्रवंशी एवं रवि यादव उपाध्यक्ष, राम मंडल सचिव, मानस शेखर, नितेश चौरसिया एवं राज किशोर सिंह सह सचिव, शशिकांत उपाध्याय, दीपक केवट एवं कन्हाय प्रसाद साह कोषाध्यक्ष तथा दीपक स्वर्णकार, नीरज केशरी एवं सितेश जायसवाल सह कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।
मीडिया प्रभारी के रूप में मनोज केशरी, कैलाश केशरी, नितिन कुमार जौनी एवं सुबीर चाटर्जी को जिम्मेदारी दी गई है।
संरक्षक मंडल में सांसद नलिन सोरेन, विधायक बसंत सोरेन, जामा विधायक डॉ.लुइस मरांडी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, प्रेम केशरी, राधेश्याम वर्मा, अजय कुमार झा ‘मिक्की’, नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया, उपाध्यक्ष मनोज सिंह एवं पत्रकार राजीव रंजन शामिल हैं।
इसके अलावा निगरानी समिति, सफाई, लाइट एवं सज्जा, मेला तथा निःशुल्क पूजन सामग्री वितरण के लिए अलग-अलग प्रभारियों का चयन किया गया है। समिति की कार्यकारिणी में भी कई अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ा बांध छठ घाट पर छठ महापर्व का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता जताई। ##### webakhbar.com
