जरमुंडी (दुमका)। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जरमुंडी स्थित 10+2 उच्च विद्यालय में प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत एमवाई भारत केंद्र, दुमका की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई।
जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र मरांडी ने एमवाई भारत के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देकर की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना इस मंच का प्रमुख उद्देश्य है। लक्ष्मी मुर्मू ने एमवाई भारत केंद्र की ओर से आयोजित युवा गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। वहीं, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक राहुल नंदी ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका प्रभाव व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पारिवारिक जीवन पर पड़ता है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए।
शिक्षक मयंक मोदी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने कहा कि नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समस्याओं पर विचार रखने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सरकार के साथ परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम में युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए पुरुष फुटबॉल, महिला कबड्डी, महिला एवं पुरुष दौड़, लंबी कूद और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं के महत्व पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने एमवाई भारत केंद्र की इस पहल की सराहना करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, युवा स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त युवा और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
webakhbar.com
