जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता में संताली गायक मार्शल मुर्मू ने मारी बाजी, राज्य स्तर पर दुमका का करेंगे प्रतिनिधित्व
दुमका। झारखंड की लोक संस्कृति और संगीत परंपराओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में दुमका के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को इंडोर स्टेडियम, दुमका में आयोजित जिला स्तरीय ‘सांस्कृतिक प्रतियोगिता-2026’ में संताली के उभरते युवा गायक मार्शल मुर्मू ने अपनी गायकी से निर्णायकों का दिल जीतते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुमका का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां उन्हें रांची में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन, दुमका के तत्वावधान में जिला खेलकूद पदाधिकारी के संयोजन तथा जिला कला संस्कृति संघ के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं की गायन विधाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस स्पर्धा में गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत, क्षेत्रीय गीत, भजन और सूफी गायन जैसी विधाओं को शामिल किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं आयोजकों ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में सभी सूचीबद्ध प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर पांच प्रतिभागियों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया। इनमें अभिषिक्ता दास, अनुराग श्रीवास्तव, अंजली किस्कु, अमृता दत्ता और मार्शल मुर्मू शामिल थे। फाइनल मुकाबले में मार्शल मुर्मू ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर बाजी मार ली।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक एवं जिला खेलकूद पदाधिकारी तूफान पोद्दार ने कहा कि कला और संस्कृति के व्यापक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए इस तरह के आयोजन समय की अनिवार्य आवश्यकता हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।
प्रतियोगिता ने एक बार फिर झारखंड की समृद्ध लोक एवं क्षेत्रीय संगीत परंपराओं को सामने लाने का अवसर दिया। विशेष रूप से संताली, नागपुरी और हिंदी संगीत के साथ भजन एवं गजल जैसी विधाओं में युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया।
कार्यक्रम में जिला कला संस्कृति संघ, दुमका के संरक्षक सदस्य उमाशंकर चौबे एवं वरिष्ठ साहित्यकार अरुण सिन्हा, उपाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद साह, सचिव अशोक सिंह तथा कोषाध्यक्ष डॉ.मधुर कुमार सिंह उपस्थित थे। निर्णायक मंडली में संगीत गुरु सुशील प्रसाद सिंह, वरिष्ठ कला संस्कृति कर्मी मानुएल सोरेन, लोकप्रिय संगीतज्ञ महेंद्र प्रसाद साह एवं संगीत शिक्षक ऋतुराज कश्यप शामिल थे। आयोजन को सफल बनाने में संगीत शिक्षक कार्तिक तपस्वी, तबला संगतकार आर्य देव तथा जिला खेलकूद कार्यालय के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
webakhbar.com