दुमका। बालिकाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्रीन माउंट एकेडमी की बक्सीबांध शाखा में आत्मरक्षा वुशू लीग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रीन माउंट एकेडमी की विभिन्न शाखाओं के अलावा अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता, कौशल और प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के सचिव डॉ.करुण कुमार राय, तुलिका सेन एवं जिला सचिव दीपक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने वुशू की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण देखने को मिला।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव डॉ.करुण कुमार राय ने कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि खेलकूद का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। इससे शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित होती है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के प्रति सक्षम बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। webakhbar.com