Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
पूर्व नगर परिषद् अध्यक्ष अमिता रक्षित ने यूपीएससी में 41वीं रैंक लाने वाली सुदीपा दत्ता को किया सम्म... दुमका प्रीमियर लीग सीजन 2 की तैयारी शुरू, 8 टीमों के साथ होगा भव्य आयोजन झारखंड की शान बनी दुमका की सुदीपा दत्ता, यूपीएससी में 41वीं रैंक से लहराया सफलता का परचम दुमका : रसिकपुर में सूखा कुआं बना खतरे का कारण, भरवाने की मांग दुमका में बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन दुमका इस्कॉन में गौर पूर्णिमा महोत्सव : फूलों की होली और हरिनाम की गूंज, सजा वृंदावन सा दिव्य धाम 22 फरवरी को दुमका के शिव सुंदरी रोड में हुई मारपीट घटना का मुख्य अभियुक्त मंटू ओझा गिरफ्तार फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा का निधन, पीडीएस जगत में शोक की लहर वृद्धाश्रम में खिला खुशियों का गुलाल, रोटी बैंक दुमका ने होली पर बांटा अपनापन और सम्मान होली मिलन समारोह में नवनिर्वाचित नप अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने दिया सौहार्द, सहयोग और विकास का संदेश

शिबू सोरेन : एक राजनीतिक संत का जाना, झारखण्ड की राजनीति के एक युग का अंत हो जाना है

0 329

अशोक सिंह
आदिवासी समाज के मसीहा और झारखण्ड राज्य आंदोलन के अगुवा शिबू सोरेन का जाना एक ऐसे राजनीतिक संत का जाना है जो झारखण्ड के आदिवासियों की आवाज थे। जिन्हें आदिवासी समाज न सिर्फ अपना मसीहा मानता था बल्कि उन्हें भगवान की तरह पूजता भी था।
इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि शिबू सोरेन झारखण्ड राज्य आन्दोलन की अगुवाई करने वालों में एक प्रमुख आन्दोलनकारी रहे थे और उन्होंने इसके लिए बड़ा संघर्ष खड़ा किया। उस संघर्ष में आदिवासी मूलवासी सदानों ने भी सामूहिक संघर्ष किया था। उन्हीं संघर्षों ने शिबू सोरेन को लोकप्रिय जननेता बनाया।
शिबू सोरेन की कहानी उस घटना से जुड़ी है, जब 1957 में महाजनों ने सोबरन मांझी की हत्या करवा दी थी। सोबरन मांझी नेमरा गाँव के स्कूल में पढ़ाते थे। पड़ोस के गाँव हेडबरगा के महाजनों से उनका झगड़ा चल रहा था। झगड़ा इसलिए था क्योंकि हेडबरगा के साव परिवार के लोग आदिवासियों को तरह-तरह से ठग कर उनकी जमीन अपने नाम लिखवा रहे थे। ऐसे ही एक मामले में जब गाँव की एक विधवा सूद पर लिया गया पैसा नहीं लौटा पाई तो साव परिवार और उनके गुंडो ने पूरे साल की धान की फसल पर कब्जा करने की कोशिश की। इसे देखकर सोबरन मांझी से रहा नहीं गया और उन्होंने साव की पिटाई कर दी। बाद में एक और महिला को डायन बताकर जब उसकी हत्या करा दी गई और उसकी जमीन पर कब्जे की कोशिश हुई तो भी विरोध के कारण सोबरन मांझी साव लोगों की आँखों में खटकने लगे और एक दिन सुबह जब वे पास के कस्बे में पढ़ रहे अपने बेटों को चावल पहुँचाने जा रहे थे, तो गुंडों ने फरसे से हमला कर उन्हें मार डाला। उनकी लाश दामोदर की सहायक नदी भेड़ा के तट पर मिली थी। सोबरन मांझी अपने जिन दो बेटों के लिए चावल पहुँचाने जा रहे थे, उनमें से एक का नाम शिबू था। वही शिबू बाद में शिबू सोरेन बने और आदिवासियों के हक अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए आदिवासियों के मसीहा बन गये।
सोबरन मांझी की हत्या के बाद शिबू सोरेन की पढ़ाई अधूरी रह गयी। गाँव के आस-पास उन्हें आदिवासियों के शोषण का वही तंत्र दिखता था, जिसके खिलाफ उनके पिता ने आवाज उठाने की हिम्मत की थी और जिसकी कीमत जान देकर चुकायी थी। जिस जमीन को सोबरन मांझी साव लोगों के कब्जे से बचाना चाहते थे, उस जमीन पर साव के लठैतों का कब्जा था। शिबू सोरेन ने इस जमीन से वह आंदोलन शुरू की, जिसकी गूंज लगभग दो दशक तक झारखण्ड में सुनाई देती रही। वह था धनकटनी आंदोलन। शिबू सोरेन ने गांव की महिलाओं और पुरूषों को एकजुट कर एक रात में उस जमीन पर खड़ी धान की फसल कटवा दी। जल्द ही ये आंदोलन आसपास के जिलों में फैल गया। निशाने पर वे जमीनें थीं जिसे आदिवासियों से हड़प लिया गया था। इस आंदोलन के शिकार बने झरखण्ड के सदान यानी गैर-आदिवासी मूलवासी। इस आंदोलन की गर्मी में खून-खराबा भी हुआ लेकिन आदिवासियों ने उसे न्याय के लिए हुई लड़ाई का हिस्सा माना। उस समय का शिबू पुलिस की पहुँच से दूर गाँव जंगलों के साथ एकाकार होकर आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ रहा था। कई जिलों की पुलिस उसे ढूंढती थी लेकिन झारखण्ड के जंगल और वहाँ के लोगों ने शिबू सोरेन को उसी तरह छिपा लिया जैसे माँ अपने बच्चे को आँचल में ढक लेती है।
हजारीबाग जिले के बाद शिबू सोरेन का दूसरा कार्यक्षेत्र धनबाद जिले का टुंडी ब्लॉक बना। यहाँ भी आदिवासियों के शोषण की वही कहानी थी। यहाँ भी शिबू सोरेन जल्द ही जम गये और उनका वह धनकटनी आंदोलन टुंडी में भी चल पड़ा। साथ ही सरकारी जमीन और तालाबों पर गैर आदिवासियों के कब्जे के खिलाफ भी उन्होंने आंदोलन चलाया जिसमें काफी जमीन आदिवासियों के हाथ में वापस आ गई। टुंडी में शिबू सोरेन ने अपने आंदोलन के साथ-साथ कई रचनात्मक कार्यों पर भी काफी जोर दिया। शिबू सोरेन अपने अनुभवों से जानते थे कि आदिवासियों के पिछड़ेपन की मुख्य वजह उनकी अशिक्षा, सुद पर पैसे लेने की मजबूरी और शराब की लत है। टुंडी में शिबु सोरेन ने जंगल के अंदर आदिवासी बच्चों के लिए स्कूल खोले और खुद भी उन स्कूलों में पढ़ाया। यह आंदोलन झारखण्ड में अखिल अखाड़ा के नाम से मशहूर हुआ। उन्होंने आदिवासियों से कहा कि भूख लगे तो पड़ोसियों से मांग लो पर सूद पर महाजनों से कर्ज मत लो। साथ ही उन्होने यह भी कहा था कि अब पुराने कर्ज को लौटाने की जरूरत नहीं है। इसके अलावे नशाखोरी पर भी शिबू ने अपने लोगों को चेताया। उस समय उनके अनुयायी इसका पालन करते थे साथ ही उस पर सख्ती से अमल भी होता था। इसके लिए शिबू सोरेन ने उन दिनों मटका फोड़ो आंदोलन भी चलाया।
अपने इन्ही सब क्रांतिकारी और जुझारू गतिविधियों के कारण उन दिनों शिबू इतना खतरनाक माने जाते थे कि पुलिस को उन्हें देखते ही गोली मार देने का आदेश दिया गया था। लेकिन उन दिनों शिबू के पक्ष में स्थिति ऐसी थी कि पुलिस की गोली भी शिबू के सीने से टकराकर वापस लौट जाती थी।
जैसे-जैसे उनका आंदोलन बढ़ता चला गया वैसे-वैसे राज्य के एक बड़े हिस्से में उन्हें जनता का सर्मथन और साथ भी हासिल होता गया। उनके जीवन का इतिहास बताता है कि गांव और जंगल में आंदोलन चलाने वाले शिबू सोरेन का समय-समय पर वामपंथी कार्यकर्ताओं से संबंध रहा। सीपीआई और सीपीएम से अलग हुये मार्क्सवादी को-ऑर्डिनेशन कमिटि के साथ वे लगातार उठते बैठते रहे। सीपीआई के मंजूर हुसैन से लेकर एके राय तक से उन्होंने राजनीति सीखी। लेकिन शिबू सोरेन कभी वामपंथी नहीं रहे। एके राय की प्रेरणा से जब विनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन को केन्द्र में रखकर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का गठन हुआ। कुर्मी जाति के विनोद बाबू झामुमो के पहले अध्यक्ष बने और शिबू सोरेन महासचिव। झारखण्ड में आदिवासी-सदान एकता की यह सबसे बड़ी कोशिश थी। लेकिन यह दोस्ती विनोद बाबू की मौत के बाद चल नहीं सकी।

महाजनी प्रथा और आदिवासियों पर जमींदारी जुल्म-शोषण के खिलाफ बागी तेवर में आंदोलन चलाने वाले शिबू सोरेन एक लम्बे जन आंदोलन के गर्भ से निकले देशज आदिवासी नेतृत्व के प्रतीक थे। सन् 1980 में आंदोलन की अपनी ही तैयार जमीन को छोड़कर जब वे दुमका से सांसद का चुनाव जीतकर संसदीय राजनीति में आये तो स्थितियाँ परिस्थितियाँ बदलती रही और उनके जीवन में चढ़ाव उतार आता रहा। बावजूद इसके वे झारखण्ड अलग राज्य आंदोलन की माँग को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे जिसमें झारखण्डी जनता का बड़ा सहयोग और सर्मथन उन्हें प्राप्त हुआ था। परिणामतः एक लम्बे संघर्ष के बाद झारखण्ड अलग राज्य बना और बीच में वे झारखण्ड के मुख्यमंत्री भी बने। राजनीति उठा पटक और गठबंधन की राजनीति आदि की वजह से उनका कार्यकाल लम्बा नहीं रहा लेकिन झारखण्ड ही नहीं देश की राजनीति में भी वे एक बड़े निर्णायक की भूमिका में बने रहे। यह भी जानी मानी बात है कि उन्होंने झारखण्ड आंदोलन को मिशन द्वार पर ठिठके आदिवासी आंदोलन के घेरे से बाहर निकालकर क्षेत्रीय आबादी के सभी घटकों के बीच स्वीकार बनाने में 20 सालों तक अथक परिश्रम किया। इस कारण निःसंदेह उनके राजनीतिक जीवन का इतिहास एक गौरवशाली इतिहास रहा है। ऐसे में उनका जाना एक ऐसे राजनीतिक संत का जाना है, जो न सिर्फ झारखण्ड और देश की राजनीति में निर्णायक भूमिका में थे बल्कि झारखण्ड के आदिवासियों की बुलंद आवाज थे। उनका जाना झारखण्ड की राजनीति के एक युग का अंत हो जाना है।

(लेखक का पता : जनमत शोध संस्थान, पुराना दुमका, केवटपाड़ा, दुमका-814101, झारखण्ड, मोबाइल नम्बर : 9110072128)

Leave A Reply

Your email address will not be published.