
दुमका। भाजपा सांसद डॉ.निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उनके विदेश दौरों, कथित विदेशी संपर्कों और विपक्षी आंदोलनों की मंशा पर सवाल उठाए। गुरुवार को दुमका परिसदन में आयोजित प्रेसवार्ता में गोड्डा सांसद ने कहा कि देश की जनता को राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और वहां होने वाली मुलाकातों के बारे में जानने का अधिकार है।
डॉ.निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की कथित 270 विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए उनके खर्च और वित्तीय स्रोतों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने नेवेली राय सिंघम से जुड़े नेटवर्क तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन जुए से जुड़े समूहों के साथ कथित संपर्कों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समूहों के माध्यम से विपक्ष के कुछ नेताओं को आर्थिक मदद दी जा रही है।
इल्हान उमर से मुलाकात को लेकर भी सवाल
भाजपा सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इल्हान उमर को लेकर दिए गए बयानों का हवाला देते हुए राहुल गांधी से पूछा कि उनकी इल्हान उमर से मुलाकातें किनके इशारे पर होती थीं। उन्होंने जॉर्ज सोरोस और सैम पित्रोदा का नाम लेते हुए इन मुलाकातों के पीछे उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही विपक्ष के आंदोलनों की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जनता को इन कथित संपर्कों की वास्तविकता पता चलनी चाहिए।
संवैधानिक संस्थाओं और आंदोलनों पर कांग्रेस को घेरा
डॉ.दुबे ने राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट, संसद और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के प्रति असम्मानजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी सरकार को हटाने का लोकतांत्रिक रास्ता चुनाव है और भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी। आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध को लेकर भी उन्होंने विपक्ष की आलोचना की। बेरोजगारी, महंगाई और नीट जैसे मुद्दों पर हो रहे आंदोलनों की मंशा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विभिन्न मुद्दों के जरिए सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।
संताल परगना की जनसांख्यिकी पर जताई चिंता
सांसद ने संताल परगना में आदिवासी आबादी के अनुपात में गिरावट का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1951 में क्षेत्र की आदिवासी आबादी करीब 45 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2011 की जनगणना में घटकर लगभग 26 से 27 प्रतिशत रह गई। उन्होंने मुस्लिम आबादी में वृद्धि का दावा करते हुए इसे बांग्लादेशी घुसपैठ से भी जोड़ा। उन्होंने दाऊद इब्राहिम, गुरपतवंत सिंह पन्नू और जाकिर नाइक का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म और जाति के आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1974 में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति से जुड़े घटनाक्रम का हवाला देते हुए कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया।
सांसद डॉ.दुबे ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास करती है और जनता के बीच जाकर अपना पक्ष रखेगी। उनके अनुसार, चुनाव के माध्यम से जनता ही राजनीतिक दलों के कामकाज और नीतियों पर अपना फैसला सुनाती है। प्रेस वार्ता में भाजपा के दुमका जिला अध्यक्ष रूपेश मंडल, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा और जिला मीडिया प्रभारी नवल किस्कू उपस्थित थे। #####