
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू), दुमका की नवगठित एकेडमिक काउंसिल में दुमका चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव सह भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, दुमका के वाइस चेयरमैन डॉ.मनोज कुमार घोष को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। उनके मनोनयन से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति प्रो.डॉ.कुनुल कांदिर के आदेश से एकेडमिक काउंसिल की गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार नवगठित एकेडमिक काउंसिल में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, विभिन्न संकायों के अध्यक्षों, अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों, शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। नवगठित एकेडमिक काउंसिल में आरडीबीएम कॉलेज, देवघर की प्राचार्या डॉ.सुचिता कुमारी, एसपी कॉलेज, दुमका के प्राचार्य डॉ.केपी यादव और मॉडल कॉलेज, दुमका की प्राचार्या डॉ.मैरी मार्गरेट टुडू को भी जगह दी गई है। इसके अलावा दर्शनशास्त्र, गणित, वनस्पति विज्ञान, संताली, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, वाणिज्य, समाजशास्त्र और चिकित्सा सहित विभिन्न विषयों के शिक्षक प्रतिनिधि एकेडमिक काउंसिल के सदस्य बनाए गए हैं। नवगठित एकेडमिक काउंसिल में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा से जुड़े कई विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। इनमें एम्स, नई दिल्ली के सीनियर रेजिडेंट (ऑर्थोपेडिक्स) डॉ.आकाश अमन, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सेवानिवृत्त निदेशक सुधांशु शेखर रॉय, जेपी मॉर्गन इंडिया के उपाध्यक्ष विवेक कुमार, बिहार कृषि विभाग के पूर्व उप निदेशक रमेश राउत, झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मिथिलेश कुमार सिंह, आईएसएम धनबाद के रंति देव शर्मा, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य वैज्ञानिक प्रो.पीके सिंह और बीआईटी सिंदरी के प्रो.प्रकाश कुमार शामिल हैं। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक डॉ.राजीव रंजन सिन्हा ने दी हैं। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल शैक्षणिक मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की नवगठित एकेडमिक काउंसिल में शिक्षा जगत के साथ-साथ उद्योग, चिकित्सा, कानून और तकनीकी क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो सराहनीय है। अधिसूचना के अनुसार, मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित किया गया है। ##### webakhbar.com
