दुमका में समारोहपूर्वक मना राजद का 30वां स्थापना दिवस, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का लिया निर्णय
दुमका। राष्ट्रीय जनता दल जिला इकाई द्वारा रविवार को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस यहां परिसदन भवन के चाँद-भैरव ब्लॉक में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष डॉ.अमरेन्द्र कुमार यादव द्वारा पार्टी का ध्वजारोहण कर एवं पार्टी के सिद्धांतों, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता तथा संविधान की रक्षा के प्रति निष्ठा का संकल्प दिलाकर की गई। इसके उपरांत केक काटकर स्थापना दिवस समारोह का
शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रस्ताव पारित किए गए। प्रस्तावों में सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत करने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, प्रखंड एवं पंचायत कमिटियों के पुनर्गठन एवं सुदृढ़ीकरण, झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी के बीएलए एवं कार्यकर्ताओं को पूरी मुस्तैदी से कार्य करने तथा जनहित के मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ.यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के 30 वर्षों का इतिहास सामाजिक न्याय, गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अति पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई का इतिहास है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के मार्गदर्शन एवं कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में राजद सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया। प्रदेश सचिव प्रवीर कुमार वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद की है। सामाजिक न्याय और समान अवसर की लड़ाई को और मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना होगा। प्रदेश सचिव जयकांत जायसवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर सक्रिय संगठन खड़ा कर ही पार्टी को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम हांसदा ने कहा कि झारखंड की धरती संघर्ष और बलिदान की धरती है। राष्ट्रीय जनता दल हमेशा आदिवासी, दलित, पिछड़े एवं वंचित समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करती रही है और आगे भी करती रहेगी। कार्यक्रम को युवा राजद के प्रदेश सचिव मोहम्मद अली, जिला उपाध्यक्ष पनेशल टुडू, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो.जमील अख्तर, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उपेंद्र नाथ मंडल, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष साव्या सिंह, जिला महासचिव अमरेन्द्र यादव,
अनुमंडल अध्यक्ष जीतेश कुमार दास, दुमका नगर अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह ‘चंचल’, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष राजेश रंजन यादव, सरैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष राकेश यादव, मसलिया प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण राउत, रानीश्वर के जयदेव गोराई तथा शिकारीपाड़ा के प्रदीप मंडल ने भी संबोधित किया।स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर कई लोगों ने राष्ट्रीय जनता दल की नीतियों एवं सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष डॉ.यादव ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर डॉ.पवन कुमार को दुमका नगर सचिव तथा पवन कुमार दास को दुमका प्रखंड के कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में बिहारी यादव, मंती देवी, विजय भंडारी, केशव भंडारी, बत्तीस भंडारी, विक्की भंडारी, मोहम्मद
अविसुद्दीन, प्रहलाद यादव, मार्शल मुर्मू, बाबुधन सोरेन, बुद्धि लाल सोरेन, सोना मनी सोरेन, बाहा मुर्मू, मनीषा मरांडी, गीता पुजहरिन एवं प्रीति प्रिया हांसदा सहित दर्जनों लोगों के नाम शामिल है। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रमोद पंडित ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष संतोष मंडल, जिला महासचिव पंकज यादव एवं माणिक पंडित, जामा प्रखंड अध्यक्ष रामसुंदर पंडित, जरमुंडी प्रखंड अध्यक्ष गणेश भंडारी, बासुकीनाथ नगर अध्यक्ष छत्तीस महतो, मनीषा कुमारी, शेष यादव, इसारुद्दीन अंसारी, मयंक रंजन, बिनय प्रसाद, अनिल पंडित सहित अच्छी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।
