बाल अधिकारों के प्रति जागरूक हुए गुरुकुलम के छात्र-छात्राएं, दहेज प्रथा, बाल विवाह और नशे के खिलाफ उठाई आवाज
दुमका। अंतर्राष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सतन आश्रम धधकिया, दुमका द्वारा संचालित राम गोपाल शर्मा गुरुकुलम में बाल अधिकारों को लेकर एक विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लेकर बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
परिचर्चा के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा का अधिकार, सुरक्षा, समानता, स्वास्थ्य, जातिगत भेदभाव से मुक्ति, जल संरक्षण, स्वच्छता और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बिना किसी भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा विकसित करने और भयमुक्त वातावरण में आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। बच्चों ने न केवल बाल अधिकारों से जुड़े सवाल पूछे, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी अपनी आवाज बुलंद की। नवीं कक्षा की छात्रा पूनम कुमारी ने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई पर अपने विचार रखे, जबकि छठी कक्षा की स्नेहा राय ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित किया। वहीं, नवीं कक्षा के धनंजय सिंह ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसकी चपेट में आ रहे युवा वर्ग को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। तीनों विद्यार्थियों ने अपनी समझ के अनुरूप समाज को संदेश देते हुए कहा कि इन कुरीतियों से मुक्ति के लिए अभिभावकों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना जरूरी है।
इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की प्रेरणा दी। परिचर्चा में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल अधिकारों की रक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें विद्यालय, समाज और सरकार की भी समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुरुकुलम के निदेशक स्वामी आत्मानंद पुरी ने बाल अधिकार दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर 1959 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने बाल अधिकारों की घोषणा को अपनाया था। इसके तीन दशक बाद, 20 नवंबर 1989 को बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन (यूएनसीआरसी) को स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने बच्चों के अधिकारों के संरक्षण और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का समापन बच्चों को जागरूक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर राम गोपाल शर्मा गुरुकुलम के सभी आचार्य एवं आचार्यागण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
webakhbar.com