सरैयाहाट। प्रधान संघ एवं मांझी संगठन के तत्वावधान में मंगलवार को सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में पेसा अधिनियम 1996 को लेकर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर मुरारी प्रसाद यादव और आशा हेम्ब्रम ने 85 प्रशिक्षुओं को पेसा अधिनियम 1996 की जानकारी देते हुए इसमें 2025 में किये गये संशोधन पर प्रकाश डाला। इसके साथ उन्होंने ग्राम सभा से संबंधित चर्चा करते हुए प्रशिक्षुओं को ग्राम सभा व ग्राम समिति के गठन, ग्राम सभा से संबंधित दस्तावेज एवं ग्राम कोष के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने कहा कि पेसा अधिनियम के माध्यम से ग्राम सभा को सशक्त बनाकर स्थानीय स्तर पर निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करना है। कार्यक्रम में प्रधान संघ के अध्यक्ष श्याम सुंदर महतो, शंभू मिश्रा, प्रफुल्ल चन्द्र यादव, महेश यादव, सुबोध मरांडी, मिथुन हांसदा, बीपीआरओ सुरेश भंडारी, सरिया पंचायम के वीएलडब्ल्यू पीताम्बर मंडल आदि उपस्थित थे।

