दुमका। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रोटी बैंक दुमका ने मंगलवार को शहर के बाजार क्षेत्र में राहत-सहयोग अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत सिदो-कान्हु चौक से हुई, जहां से रोटी बैंक की टीम नीचे बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची और लोगों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग की अपील की।अभियान के दौरान टीम के सदस्यों ने दुकानदारों, व्यवसायियों और आम नागरिकों से मानवीय पहल में भागीदारी निभाने का आग्रह किया। लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहायता, कपड़े, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की अपील की गई। रोटी बैंक के इस अभियान को लेकर शहरवासियों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने आगे बढ़कर राहत कार्य के लिए सहयोग किया। टीम के सदस्यों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
रोटी बैंक की ओर से बताया गया कि “दुमका से नेपाल तक—मानवता के लिए एक कदम” के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा सके। अभियान के दौरान सहयोग करने वाले दुकानदारों, व्यवसायियों, नागरिकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अभियान में जतिन कुमार, राजेश कुमार सिंह, राजेश केसरी, अंकित कुमार पांडेय, दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता स्वराज, प्रशांत कुमार, डॉ. अजय शुक्ला, राजेश चौरसिया, तीर्थ राज और मधु अली खान शामिल थे। #####
