दुमका। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित नशा मुक्त युवा अभियान के तहत रविवार को रसिकपुर स्थित इंग्लिश क्लासेस में युवा संकल्प सह हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हस्ताक्षर कर किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी सौरव जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
अध्यक्षीय संबोधन में इंग्लिश क्लासेस के शिक्षक विनोद ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी और युवा देश के भविष्य हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों तथा सामाजिक कार्यों में लगानी चाहिए। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर डालता है।
भाषण और स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणाम, नशामुक्त समाज की आवश्यकता तथा नशे के खिलाफ युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में प्रभावशाली नारों के माध्यम से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्ति अभियान पर आधारित जागरूकता नाटक भी प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में नेशनल यूथ वालंटियर राहुल नंदी, शांतनु कुमार एवं अमित राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी दी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थान, युवा संगठन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें शिक्षा, खेल, कौशल विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़ना जरूरी है। #####
