दुमका। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ.कुनुल कंदीर को एक तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें परिषद् ने कुलपति से बीएड की बढ़ी हुई फीस को वापस लेने, संताल परगना में 60 प्रतिशत बीएड सीट सुरक्षित रखने और पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को जेट का परिणाम घोषित होने तक स्थगित रखने की मांग की है। अपने मांग पत्र में परिषद् के कार्यकर्ताओं ने कहा है कि विश्वविद्यालय के द्वारा बीएड कोर्स की फीस में की गई वृद्धि संताल परगना के विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक बोझिल है। इसलिए फीस वृद्धि को शीघ्र वापस लिया जाए। संताल परगना के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का उचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए बीएड कोर्स में 60 प्रतिशत सीटें सुरक्षित किया जाय। संताल परगना जैसे पिछड़े एवं आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्र के छात्रों के लिए बाहर जाकर पढ़ाई करना और नेट/सेट परीक्षा उत्तीर्ण करना अत्यंत कठिन है। लंबे समय से राज्य सरकार द्वारा जेट परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। इस स्थिति में संताल परगना के छात्र पीएचडी प्रवेश से वंचित न रह जाएं, इसके लिए विश्वविद्यालय को चाहिए कि जेट का परिणाम आने तक पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया स्थगित रखा जाय। नेट/सेट/जेट उत्तीर्ण छात्रों के लिए 60 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाएं तथा शेष 40 प्रतिशत सीटों पर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश दिया जाए, जिससे संताल परगना के छात्रों को भी उचित अवसर प्राप्त हो सके। परिषद् के कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
कुलपति को मांग पत्र सौंपने वाले शिष्टमंडल में परिषद् के विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर सह मंत्री आदित्य जोशी, अनूप दत्त, मनीष मंडल, राज केसरी, हीरालाल दास, राजकिशोर, एसके मंडल, विकास गोरे, जगबंधु पाल और सुनील शर्मा शामिल थे।