राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित कार्यशाला में समाज के प्रति मीडिया की नैतिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा

दुमका। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर रविवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय के द्वारा सूचना भवन में ‘‘बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वासनीयता का संरक्षण’’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सबसे पहले जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कंडुलना ने उपस्थित मीडिया कर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दी। इसके बाद विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के विकास की वजह से आज सूचनाओं का काफी तेजी से आदान-प्रदान हो रहा है। पारम्परिक मीडिया के साथ ही न्यू मीडिया भी आज हमारे बीच है। लोगों तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सूचनाओं की जांच-पड़ताल एवं उसकी पुष्टि होने पर ही खबर तैयार कर उसे प्रकाशित या प्रसारित किया जाना चाहिए। कार्यशाला में दुमका के कई वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने विषयवस्तु पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यशाला में बदलते परिदृश्य में भ्रामक सूचनाओं एवं फेक न्यूज की चुनौती से निपटने की रणनीति, प्राप्त सूचनाओं की सावधानीपूर्वक जांच-पड़ताल कर खबर लेखन तथा समाज के प्रति मीडिया की नैतिक जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गयी।
