दुमका। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला आयुष समिति, दुमका के द्वारा स्थानीय इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जिले के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन के निर्माण के लिए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के
मार्गदर्शन में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं ध्यान जैसी योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया गया। उपायुक्त श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की उपयोगिता और भी अधिक बढ़ गई है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित तथा सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है। उन्होंने सभी
जिलेवासियों से अपील की कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है, जिसमें योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार, एसडीओ कौशल कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के सदस्य, विद्यार्थी, युवा वर्ग एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
