दुमका। तकनीक, शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मकता के संगम का गवाह बना दुमका का कन्वेंशन सेंटर, जहां 5 जुलाई को आईसीटी कंप्यूटर सेंटर की ओर से आयोजित वार्षिक समारोह, अवार्ड सेरेमनी, एआई एजुकेशन कोर्स के शुभारंभ एवं क्रिएटर्स सम्मान समारोह 2026 में युवाओं की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में डिजिटल शिक्षा से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक युवाओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि दुमका सांसद नलिन सोरेन ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान आईसीटी कंप्यूटर सेंटर में आधुनिक एआई एजुकेशन कोर्स की शुरुआत भी की गई। अतिथियों ने कहा कि बदलते दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रोबेशनरी आईएएस अधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, एनसीसी की फर्स्ट ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी दुमका के चेयरमैन डॉ.राजकुमार उपाध्याय, छात्र चेतना संगठन के केंद्रीय प्रमुख हिमांशु मिश्रा, क्षेत्रीय प्रभारी राजीव मिश्रा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के हिमांशु दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का आकर्षण विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, आदिवासी नृत्य, फैशन एवं मॉडलिंग शो, महाभारत आधारित नाट्य प्रस्तुति और छठ पूजा की सांस्कृतिक झांकी के माध्यम से
अपनी कला और संस्कृति की शानदार झलक पेश की। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मॉडलिंग प्रतियोगिता में रांची से आमंत्रित मिस झारखंड एवं मिस्टर झारखंड ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं डांस प्रतियोगिता का मूल्यांकन भी अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों, मॉडलिंग, सोशल मीडिया क्रिएशन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, क्रिएटर्स, शिक्षकों और प्रतिभागियों को अवार्ड, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के निदेशक नवीन कुमार रावत एवं प्रशांत कुमार सिन्हा ने कहा कि आईसीटी कंप्यूटर सेंटर का उद्देश्य युवाओं को केवल कंप्यूटर शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि एआई, डिजिटल स्किल्स, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक
प्रतिभाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को सफल बनाने में आईसीटी कंप्यूटर सेंटर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
