एसकेएमयू के कुलसचिव डॉ.राजीव रंजन शर्मा ने दिया इस्तीफा, विवि में चर्चाओं का दौर तेज, सीसीडीसी डॉ.अब्दुस सत्तार को मिला कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू), दुमका में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) डॉ. राजीव रंजन शर्मा ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को कुलपति ने स्वीकार करते हुए विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. अब्दुस सत्तार को कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ.अब्दुस सत्तार तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक कुलसचिव के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्हें विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के संचालन से संबंधित आवश्यक अधिकार भी प्रदान किए गए हैं। हालांकि
कुलसचिव डॉ.राजीव रंजन शर्मा के इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन विश्वविद्यालय के अंदरखाने चर्चा है कि उनका विश्वविद्यालय के एक पदाधिकारी के साथ किसी बात को लेकर अनबन चल रहा था। इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में कुलसचिव डॉ.राजीव रंजन शर्मा से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।इधर, एसकेएमयू में कुलसचिव का अचानक इस्तीफा चर्चा का विषय बन गया है। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, नए कुलसचिव के रूप में डॉ.अब्दुस सत्तार के सामने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
